पति- पत्नी की संदिग्ध मौत: फंदे पर पति की और खेत की मेड़ पर पड़ी थी पत्नी की लाश, जांच में जुटी पुलिस

रतनपुर थाना क्षेत्र के एक खेत में पति- पत्नी की संदिग्ध लाश पाई गई है। खेत के मेढ़ में पत्नी की लाश पड़ी थी तो वहीं उससे 10 कदम दूर पति पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल रहा था।

Updated On 2025-10-01 16:20:00 IST

रतनपुर थाना

प्रेम सोमवंशी- कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक खेत में पति- पत्नी की संदिग्ध लाश पाई गई है। खेत के मेढ़ में पत्नी की लाश पड़ी थी तो वहीं उससे 10 कदम दूर पति पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल रहा था। मामले की सूचना पर मौके में पहुँची पुलिस जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर के वार्ड क्रमांक 1 जोगी अमराई निवासी अमित कुमार इंदुआ और उसकी पत्नी अंजू इंदुआ की लाश ग्रामीणों ने सुबह खेत के पास देखी। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ जांच में जुट गई है। जहाँ पाया गया कि पति अमित एक तार के सहारे पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल रहा है। वहीं उससे 10 कदम दूर उसकी पत्नी की लाश पड़ी है, जिसे चेहरे पर चोट के निशान है। 

मां को नहीं घटना की जानकारी
इस मामले में मृतक अमित की माँ दुरपति बाई ने बताया कि, अमित बीती रात अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महामाया मंदिर गए थे और दर्शन कर काफी देर रात घर पहुँचे और सभी खाना खाकर सो गए थे। लेकिन कब उनके बेटे और बहू घर से निकले इसकी जानकारी नही है। आज सुबह लोगों के माध्यम उन्हें जानकारी मिली कि, उनके खेत के पास ही दोनों की लाश मिली है।

दो मासूम बच्चे हुए अनाथ
घटना के बाद घर मे मातम पसरा हुआ है, दरअसल अमित और अंजू ने 12 वर्षो पहले लव मैरिज की थी। उनके दो बच्चे हैं, बड़ी बेटी 10 वर्ष की और बेटा 7 वर्ष का है। जिन्हें यह समझ नही आ रहा है कि, उनके माता- पिता की कब मौत हो गई है। वह बार- बार पूछ रहे हैं कि, आखिर उनके मम्मी पापा कहाँ है। उनके इस सवाल का जवाब उनकी दादी नहीं दे पा रही है।

Tags:    

Similar News