धान खरीदी केंद्र में ऑनलाइन टोकन बना सिरदर्द: कलेक्टर कार्यालय पहुंचे सैकड़ों किसान, चक्का जाम करने की दी चेतावनी

कोरिया जिले में धान खरीदी के लिए लागू ऑनलाइन टोकन व्यवस्था किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। टोकन नहीं कटने से परेशान सैकड़ों किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

Updated On 2025-12-29 15:24:00 IST

धान खरीदी केंद्र

कमालुद्दीन अंसारी- कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में धान खरीदी के नाम पर शुरू की गई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था अब किसानों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। टोकन कटवाने में हो रही दिक्कतों से त्रस्त सैकड़ों किसान 29 दिसंबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर से आश्वासन मिलने के बाद किसान तो लौट गए, लेकिन सवाल अब भी बरकरार हैं।

किसानों का कहना है कि, बीते एक महीने से धान बिक्री के लिए टोकन कटवाने समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक टोकन नहीं कट पाया है। ऑनलाइन टोकन की प्रक्रिया सभी किसानों के लिए आसान नहीं है। अधिकांश किसान अशिक्षित हैं, जिन्हें मोबाइल और ऑनलाइन सिस्टम की जानकारी नहीं है। किसानों का कहना है कि, वे पढ़े-लिखे नहीं, बल्कि मेहनत कर धान उगाने वाले लोग हैं।

सरकार पर भी फूटने लगा किसानों का गुस्सा
किसानों का गुस्सा अब सरकार पर भी फूटने लगा है। किसानों का कहना है कि, सरकार एक-एक दाना खरीदने का दावा तो कर रही है, लेकिन ऑनलाइन टोकन के नाम पर असल में धान खरीदी से बचा जा रहा है। लिमिट फुल होने का हवाला देकर किसानों को लगातार लौटाया जा रहा है। कई किसानों पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक का कर्ज है। जब तक लिमिट नहीं बढ़ेगी, तब तक कर्ज कैसे चुकाया जाएगा। इस समस्या पर किसानों ने चक्का जाम करने की चेतावनी भी दी है।



 


Tags:    

Similar News