कवर्धा को मिली ऐतिहासिक सौगात: 306 करोड़ की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज, सीएम साय ने किया शिलान्यास

कवर्धा में CM साय ने नए शासकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया। जिससे क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-12-13 10:19:00 IST

CM साय ने किया मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कबीरधाम जिले के नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण स्थल पर शिला-स्थापना कर जिले को ऐतिहासिक सौगात दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिला-स्थापना के साथ ही कबीरधाम जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के एक नए युग का सूत्रपात हुआ।

स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी मजबूती
मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले का स्वास्थ्य ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित होंगी और आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।


कवर्धा के लिए नई घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मांग पर कवर्धा में श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव रिवर फ्रंट निर्माण तथा रवेली में महाविद्यालय स्थापना की घोषणा की।

25 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने मेडिकल कॉलेज की शिला-स्थापना को ऐतिहासिक बताते हुए जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रायपुर प्रवास के दौरान मेडिकल कॉलेज भवन का भूमि-पूजन किया गया था और आज उसी क्रम में इसकी शिला-स्थापना संपन्न हुई है।


स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बड़े सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कवर्धा जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है। सीटी स्कैन, क्रिटिकल केयर यूनिट जैसी सुविधाओं की शुरुआत से इलाज और अधिक सुलभ हुआ है।

रजत जयंती महोत्सव और विकास योजनाएं
सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर राज्यभर में रजत जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रायपुर में नए विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया।


किसान, वनवासी और जनजातीय हितों पर फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की जा रही है। रामलला दर्शन योजना, तेंदूपत्ता की दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने तथा पीएम जनमन योजना को जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भोरमदेव को मिलेगी पर्यटन पहचान
स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे यह क्षेत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का संबोधन
डॉ. रमन सिंह ने शिला-स्थापना समारोह को कवर्धा के इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना जैसा ऐतिहासिक अवसर जीवन में एक बार ही आता है। उन्होंने महतारी वंदन योजना और किसानों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गिनाईं उपलब्धियां
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 40 एकड़ परिसर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज में प्रारंभिक चरण में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू होगी। उन्होंने बताया कि:

  • 4.5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन सेवा प्रारंभ
  • जिला अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर
  • 50 क्रिटिकल केयर बेड स्थापित
  • पिपरिया और बोड़ला में सोनोग्राफी सुविधा
  • मेडिकल कॉलेज तक पहुंच के लिए नए मार्गों का निर्माण

इंफ्रास्ट्रक्चर और आवास योजनाएं
उन्होंने बताया कि जिले में सिंचाई परियोजनाएं, विद्युत सब-स्टेशन, सड़कों का निर्माण, 50 स्मार्ट क्लास, एंबुलेंस सुविधा और 50 हजार से अधिक आवासों की स्वीकृति दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री का वक्तव्य
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने की दिशा में यह बड़ा कदम है, जो वनांचल क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा।


306 करोड़ की लागत, अत्याधुनिक सुविधाएं
शासन द्वारा ग्राम घोठिया में 40 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 306 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। यह कॉलेज राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगा।

स्व सहायता समूहों को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व सहायता समूहों को 7 करोड़ 78 लाख रुपये की राशि का चेक वितरण किया। इसमें लखपति दीदी योजना अंतर्गत 1454 समूहों को 7.63 करोड़ रुपये तथा 97 समूहों को 14.55 लाख रुपये प्रदान किए गए।

Tags:    

Similar News