जशपुर में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा: बोलेरो ने श्रद्धालुओं को कुचला, 3 की मौत, सीएम साय ने किया मुआवजे का एलान
जशपुर जिले में गणेश विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने श्रद्धालुओं को कुचला। हादसे में 3 लोगों की मौत और कई घायल हो गए। आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
खुर्शीद कुरैशी - जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह पूरा मामला थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम जुरूडांड की है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने सोशल मिडिया अकाउंट पर हादसे में तीन लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने की खबर पर अत्यंत दु:ख जताया है। इस दुःखद घड़ी में राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। सीएम साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
दरअसल, मंगलवार देर रात लगभग 11 बजे जशपुर मार्ग में लगभग 120-150 लोग गणपति विसर्जन के लिए निकले थे। गणपति प्रतिमा को छोटा हाथी में रखा गया था। पीछे ट्रैक्टर और डीजे चल रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 15 सी.आर.1429 का लापरवाह चालक श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। आरोपी बोलेरो चालक के पहचान सुखसागर वैष्णव उम्र 40 वर्ष निवासी कुदमुरा के रूप में हुई है। आरोपी की बोलेरो कार भी जब्त कर ली गई है।
शराब के नशे में था चालक
बताया जा रहा है कि, बोलेरो चालक शराब के नशे में था। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। साथ ही मौके पर जिले के कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले भी पहुंचे।
जारी है मामले की जांच
इस घटना में घायल हुए लोगों के ईलाज की उचित व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि, गणेश विसर्जन के दौरान बोलेरो वाहन चालक ने शराब के नशे में तेजी और लापरवाही से चलाकर दुर्घटना कारित किया है। मामले में अपराध दर्ज हो गया है, अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। वहीं 3 मृतकों की पहचान अरविंद केरकेट्टा, उम्र 19 वर्ष, विपिन प्रजापति, उम्र 17 वर्ष, खिरोवती यादव, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।