बलौदा बाजार में बोले सिंहदेव: SECL ने निजी कंपनी को दी खदान, इसलिए बिगड़ा सरगुजा के अमेरा में माहौल
पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव ने बलौदा बाजार जिले के नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्षों से मुलाकात की। उन्होंने कहा- कोयला खदान को निजी कंपनी के हाथ में सौंपने से माहौल बिगड़ा है।
SECL ने निजी कंपनी को दी खदान इसलिए बिगड़ा सरगुजा के अमेरा में माहौल- सिंहदेव
कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव बलौदा बाजार जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नव-नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मुलाकात की और संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस मौके पर सिंहदेव ने सरगुजा संभाग कोयला खदान मामले में अपना पक्ष स्पष्ट किया।
उत्खनन अधिकारों को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच बने तनावपूर्ण हालात पर कहा- सरगुजा हमेशा से शांति और सौहार्द के लिए जाना जाता है लेकिन सरकार द्वारा निजी कंपनी के पक्ष में की गई कड़ी कार्रवाई से माहौल बिगड़ा है। सिंहदेव ने साफ कहा कि, कांग्रेस किसी भी स्थिति में ग्रामीणों के साथ खड़ी है, चाहे वे अपनी जमीन कंपनी को देना चाहें या नहीं।
लोकतांत्रिक तरीके से लड़ी जाएगी लड़ाई
उन्होंने कहा- ग्रामीणों की सहमति सर्वोपरि है, उनके निर्णय का सम्मान किया जाएगा और कांग्रेस उनके हर संघर्ष में साथ रहेगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे ग्रामीणों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि, अहिंसक आंदोलन ही किसी भी लोकतांत्रिक लड़ाई को मजबूत बनाता है, जबकि हिंसा आंदोलन को कमजोर करती है और प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति उत्पन्न कर देती है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्रामीण हितों के संरक्षण के लिए कांग्रेस हमेशा खड़ी
उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की उकसावे या भ्रामक सूचना का शिकार न बनने की अपील करते हुए कहा कि, हर समस्या का समाधान संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से ही निकलता है। सिंहदेव ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि, कांग्रेस ग्रामीण हितों के संरक्षण के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। दौरे के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।