सीएम का फ्लेक्स पशु ट्रॉली पर ले जाया गया: शहर में बना चर्चा का विषय, निगम आयुक्त ने भेजा कारण बताओ नोटिस
सीएम विष्णु देव साय के फ्लेक्स को निगम द्वारा पशु ट्रॉली में ले जाया गया। जिस पर निगम आयुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब माँगा है।
पशु ट्रॉली में ले जाया जा रहा सीएम का फ्लेक्स
उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय के फ्लेक्स को कोरबा नगर निगम द्वारा पशु ट्रॉली में ले जाया जाना अब चर्चा का विषय बन गया है। यह फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, और लोग नगर निगम की लापरवाही पर जमकर मजे ले रहे हैं, शहरवासियों ने निगम प्रशासन की इस कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। बताया जा रहा निगम के अश्वनी दास इंजीनियर के द्वारा पशु वाहन से फ्लैस ले जाने को कहा गया था। वहीं निगम आयुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब माँगा है।
यह मामला तब सामने आया जब नगर निगम की ट्रॉली में मुख्यमंत्री के फ्लेक्स को खुले आम पशु ले जाने वाले वाहन में रखकर घंटाघर ओपन थिएटर स्थित मैदान में ले जाया जा रहा था। जहां आज से राज्य उत्सव का आयोजन होना है। लोगों का कहना है कि कम से कम मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के सम्मान में फ्लेक्स को ढक कर या किसी उपयुक्त वाहन से भेजा जा सकता था।
सवालों के घेरे में महापौर
वहीं यह बात भी गौर करने योग्य है कि, नगर निगम कोरबा के महापौर भी भाजपा से हैं और शहर विधायक और शासन में मंत्री भी कोरबा के हैं। राज्य के मुख्यमंत्री भी भाजपा पार्टी से आते हैं। ऐसे में पार्टी के ही मुख्यमंत्री के चित्र और फ्लेक्स को इस तरह ले जाना कई सवाल खड़े करता है।
शहरवासियों ने उठाए सवाल
क्या नगर निगम के पास उचित साधन नहीं हैं? या फिर यह कार्य प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है?लोगों का मानना है कि यह घटना कोरबा नगर निगम की संवेदनहीनता और विवेकहीनता को दर्शाती है, जिससे शहर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।अब देखना यह होगा कि नगर निगम आयुक्त इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देते हैं और क्या जिम्मेदारी तय की जाती है।