कार में मिला करोड़ों का कैश: सीट के नीचे बना रखी थी लॉकर, महाराष्ट्र ले जाते बालोद में पकड़े गए

बालोद- धमतरी सीमा पर पुलिस ने कार से नोटों का बंडल बरामद किया है। करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि होने की आशंका जताई जा रही है।

Updated On 2025-11-12 16:45:00 IST

सीट के नीचे बने लॉकर से नोट निकालते हुए पुलिस अफसर 

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद- धमतरी सीमा पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को पकड़ा है। इस कार से तीन करोड़ बरामद हुआ है। कार में नोटों का बंडल महाराष्ट्र पासिंग की कार MH 04 MA 8035 में रखी थी। कार में नोटो को रखने के लिए सीट के नीचे अलग से लॉकर बनाया गया था। मामले में पुलिस ने ड्राइवर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

बालोद पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं स्टेट बैंक की टीम नोटों की गिनती करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, नोटों को रायपुर से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि, भारी संख्या में नोटों का बंडल मिला है। वहीं इसका कनेक्शन हवाला से जुड़ने की भी आशंका जताई जा रही है। 

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी कार
पुलिस ने बताया कि, मुखबिर ने सूचना दी थी कि, कार से नोटों का बंडल ले जाया जा रहा था। जिसके बाद पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए टीमों को अलग- अलग जगह पर जांच के लिए लगाई गई थी। इसी क्रम में पुलिस ने सतर्कता से वाहन का पीछा करते हुए उसे ग्राम पड़कीभाठ के पास रोक लिया। जांच के दौरान कार में दो व्यक्ति सवार मिले। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे एक सीक्रेट चैम्बर मिला, जो बंद था। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए वाहन को थाना परिसर लाकर तहसीलदार एवं दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में खोला गया।


तीन करोड़ नकदी जब्त
कक्ष खोलने पर उसमें से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसे प्रारंभिक पूछताछ में करीब ₹3 करोड़ बताया गया। राशि की सटीक गणना के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से नोट गिनने की मशीन व बैंक अधिकारी बुलाए गए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई ताकि कार्रवाई पारदर्शी रहे।

आयकर विभाग को सूचना
घटना की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है, पुलिस ने 106 बीएनएसएस व 184(4) मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वाहन सवार दो व्यक्तियों से नकदी के स्रोत और उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जब्त नकदी की कीमत ₹3.00 करोड़ थी, वहीं जप्त किये गए वाहन- क्रेटा कार का मूल्य लगभग ₹12 लाख है।

गिरफ्तार आरोपी

1. पटेल अलपेश कुमार पिता दशरथ भाई (49 वर्ष)- निवासी पटेलवास सुण्डिया, थाना भटनागर, जिला महेसाना (गुजरात)

2. अशोक गाड़गे पिता सखाराम गाड़गे (42 वर्ष)- निवासी पनवेल, करंजडे, नवी मुंबई

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
पूरी कार्रवाई एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका से संपन्न हुई। पुलिस की तत्परता और सतर्कता से अवैध धन परिवहन का बड़ा खुलासा हुआ है।

Tags:    

Similar News