भाजपा महिला मोर्चा में संगठनात्मक बदलाव: सुनीता वर्मा बलौदाबाजार जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त, बड़े नेताओं ने दी बधाई

सुनीता वर्मा को बलौदा बाजार जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर बड़े नेताओं ने बधाई प्रेषित की है।

Updated On 2025-12-18 12:22:00 IST

 सुनीता वर्मा बलौदाबाजार जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। इसके साथ ही 29 जिला महिला मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा की गई है। बलौदा बाजार जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सुनीता वर्मा को सौंपी गई है। यह नियुक्तियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति के बाद की गई हैं।

सुनीता वर्मा शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्य रही हैं। विवाह के बाद से ही वे निरंतर संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहीं। उन्होंने वर्ष 2008 से जनपद सदस्य का चुनाव लड़ा, जिसमें बलौदा बाजार में उनके पति सभापति निर्वाचित हुए। इसके साथ ही वे बलौदा बाजार मंडल महिला मोर्चा में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं।

मंत्री टंक राम वर्मा की हैं करीबी
वर्तमान में सुनीता वर्मा छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज, बलौदा बाजार राज की राज प्रधान के पद पर भी कार्यरत हैं, जहां सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। स्थानीय स्तर पर वे विधायक और कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा की करीबी के रूप में भी जानी जाती हैं।

शिक्षा व संगठनात्मक अनुभव
शिक्षा की बात करें तो सुनीता वर्मा ने एम.ए. (हिंदी साहित्य) की पढ़ाई की है। वे वर्ष 2010 से बलौदा बाजार जिले में भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में निरंतर संगठन के लिए कार्य कर रही हैं।

परिवार से मिली राजनीति की प्रेरणा
सुनीता वर्मा राजनीति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहती हैं। उनके पति राजेश वर्मा भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। राजनीति में आने की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से ही मिली और वे अपने पति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
सुनीता वर्मा के भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में आने वाले समय में बलौदा बाजार जिले में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, लोकप्रियता और सामाजिक सक्रियता को नई दिशा मिलेगी।

बड़े नेताओं ने दी बधाई
उनकी नियुक्ति पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, बलौदा बाजार जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, विजय केसरवानी सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Tags:    

Similar News