चूराघाट एनीकट में हादसा: पिकनिक मनाने गए रेलवे अधिकारी और उनका साला नहाते समय बहे, खोजबीन जारी
बिलासपुर के बिल्हा के चूराघाट एनीकट में पिकनिक मनाने गए रेलवे अधिकारी नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। उनके साथ में उनका साला भी बह गया।
तलाश जारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के बिल्हा के चूराघाट एनीकट में पिकनिक मनाने गए रेलवे अधिकारी नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।उनके साथ में उनका साला भी बह गया है। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, संतोष राम रेलवे विभाग में एसएससी के पद पर पदस्थ हैं। वे अपनी पत्नी, बच्चे और साले अनुज कुमार, उनकी पत्नी-बच्चों के साथ पिकनिक मनाने उड़नताल चूराघाट एनीकट गए हुए थे। इसी दौरान जीजा और साला एनीकट में उतरकर नहा रहे थे, तभी अचानक वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। डूबते समय बचाव के लिए उन्होंने आवाज लगाई तो उनका साला अनुज कुमार बचाने के लिए गया। इसी तो वह भी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरे खोजबीन में जुटे
दोनों को बहता देख परिवार में कोहराम मच गया और रोते बिलखते महिलाओं और बच्चों ने गांव के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद उन्होंने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। एसडीआरएफ और स्थानीय मछुवारों की सहायता से दोनों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। फ़िलहाल अब तक दोनों का पता नहीं चल पाया है।