राज्य अलंकरण सम्मान: वामन टिकरिहा डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार और शशि गायकवाड़ गुरु घासीदास सम्मान से हुए सम्मानित
बलौदाबाजार के कृषक वामन टिकरिहा को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार और शशि गायकवाड़ को गुरु घासीदास सम्मान से सम्मानित किया गया।
किसान वामन टिकरिहा डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से हुए सम्मानित
कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। जिले के लिए गौरव का क्षण रहा, जब पहली बार एक साथ दो विभूतियों को राज्य अलंकरण सम्मान से नवाजा गया। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के अवसर पर बुधवार को उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कृषक वामन टिकरिहा को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार 2025 तथा शशि गायकवाड़ को गुरु घासीदास सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
पलारी विकासखंड के ग्राम मुसुवाडीह निवासी कृषक वामन टिकरिहा को खेती में नवाचार और बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने के लिए डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार के अंतर्गत ₹2 लाख की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं ग्राम छड़िया निवासी शशि गायकवाड़ को सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु गुरु घासीदास सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के तहत भी ₹2 लाख की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विधायक साहू ने दी बधाई
राज्य अलंकरण प्राप्त करने वाले दोनों विभूतियों के सम्मान मिलने से कसडोल विधायक संदीप साहू ने बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे कसडोल विधानसभा के लिए गर्व की बात है मैं पूरे विधानसभा क्षेत्र वासियों की ओर से दोनों ही विभूतियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। इसके अलावा समूचे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में गर्व और हर्ष का माहौल है।