स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल का कांग्रेस पर तीखा प्रहार: बोले - कांग्रेस को काम और राम के नाम से भी है तकलीफ
बलौदाबाजार जिले में मनरेगा योजना का नाम 'विकसित भारत जी राम जी योजना' रखे जाने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मनरेगा योजना का नाम बदलकर 'विकसित भारत जी राम जी योजना' किए जाने के बाद राजनितिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस को हर सकारात्मक पहल से परेशानी होती है। चाहे वह विकास से जुड़ी हो या भगवान राम के नाम से।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि, कांग्रेस को काम से भी तकलीफ है और राम के नाम से भी। यही वजह है कि, आजादी के इतने वर्षों बाद तक भगवान राम का भव्य मंदिर नहीं बन पाया। उन्होंने सवाल उठाया कि, जब किसी योजना में विकसित भारत का संकल्प और भगवान राम का नाम जुड़ता है, कांग्रेस को इतनी आपत्ति क्यों होती है। यह बात देश भली-भांति समझ रहा है।
कांग्रेस हमेशा नेहरू और गांधी के नाम पर सियासत करती आई है- मंत्री जायसवाल
मंत्री जायसवाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, ये लोग केवल नामों की राजनीति करते रहे हैं। कांग्रेस हमेशा नेहरू और गांधी के नाम पर सियासत करती आई है, जबकि वर्तमान सरकार नाम नहीं, बल्कि जमीनी काम और परिणाम पर विश्वास रखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, 'विकसित भारत जी राम जी योजना' का मकसद गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण जनता को सशक्त बनाना है। यह योजना सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प और देश की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।