Nitin Nabin Patna visit: पटना पहुंचे नितिन नबीन, एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए पहुंचे भाजपा के कई दिग्गज नेता
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने संगठनात्मक अनुशासन और आलाकमान के निर्देशों का साफ संकेत दिया।
भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार, 15 जनवरी को पटना पहुंचे।
Nitin Nabin Patna visit: भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार, 15 जनवरी को पटना पहुंचे। इस दौरान पटना एयरपोर्ट पर पार्टी के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या कार्यकर्ता मौजूद रहे। नितिन नबीन के दो दिवसीय पटना दौरे के दौरान जिस तरह वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी दिखी, उसे सीधे तौर पर पार्टी आलाकमान के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
पटना पहुंचने पर नितिन नबीन का स्वागत किसी औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार में भाजपा कोटे के मंत्री, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। यह दृश्य राजनीतिक हलकों में खासा चर्चा में है।
पहले दौरे से अलग दिखा माहौल
दरअसल, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जब नितिन नबीन पहली बार पटना आए थे, तब कई बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी पर सवाल उठे थे। उस समय पार्टी नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शीर्ष नेतृत्व के दौरे में वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी। गुरुवार को दिखी एकजुटता को उसी निर्देश का परिणाम माना जा रहा है।
संगठन में अनुशासन ही भाजपा की ताकत
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा युवाओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रही है और इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और नेतृत्व के प्रति सम्मान को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज रहेगा खास
नितिन नबीन का यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं माना जा रहा। मकर संक्रांति के अवसर पर वे शुक्रवार को पटना में पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन करेंगे। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला मकर संक्रांति कार्यक्रम है, जिसे सियासी नजरिए से अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि अध्यक्ष पद संभालने से कुछ दिन पहले भी नितिन नबीन का अचानक पटना आना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना था। अब भव्य स्वागत और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी को संगठन में उनके बढ़ते प्रभाव और आलाकमान के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।