पटना में JUD नेता सौरभ कुमार की गोली मारकर हत्या: साथी की हालत गंभीर, शादी समारोह से लौटते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

JDU Leader Saurabh Kumar Shot Dead: देर रात 12 बजे के आसपास सौरभ कार से अपने दोस्त के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी उन पर चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली सौरभ के सिर में लगी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई।

Updated On 2024-04-25 07:44:00 IST
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जदयू नेता सौरभ कुमार। (पुरानी फोटो)

JDU Leader Saurabh Kumar Shot Dead: बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन में जदयू नेता सौरभ कुमार (33 साल) की बुधवार, 24 अप्रैल की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। सौरभ अपने एक दोस्त मुनमुन के साथ कार से शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी उन पर बाइक सवार 4 बदमाशों ने फायरिंग की। फायरिंग में सौरभ की जान चली गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। 

सौरभ के सिर में लगी गोली
यह पूरा मामला पुनपुन थाना क्षेत्र के बढ़ईया कोल का है। शिवनगर निवासी सौरभ कुमार सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की राजनीति के अलावा प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे। बढ़इया कोल गांव में अजीत कुमार के भाई के शादी की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी।

देर रात 12 बजे के आसपास सौरभ कार से अपने दोस्त के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी उन पर चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली सौरभ के सिर में लगी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि उनके दोस्त मुनमुन कुमार को 2 गोलियां लगी हैं। मुनमुन कुमार को पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पाटलिपुत्र सीट से आरजेडी प्रत्याशी और लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने सौरभ कुमार के परिवार से मुलाकात की। उन्हें ढांढस बंधाया है।

JDU Leader Saurabh Kumar Shot Dead

लोगों ने पटना मार्ग पर किया हंगामा
हत्या के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। आसपास के लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने पुनपुन पटना मार्ग पर जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभी अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हत्या और लोगों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पूर्वी भारत सोनी सहित पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
सिटी एसपी पूर्वी भारत सोनी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन चल रही है। हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम के माध्यम से छानबीन कर रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

Similar News