BJP प्रत्याशी कुंदन कुमार की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र, शिक्षा, परिवार, संपत्ति और राजनीतिक सफर
BJP Candidate Kundan Kumar Biography: जानिए बीजेपी कैंडिडेट कुंदन कुमार की उम्र, शिक्षा, परिवार, जाति, संपत्ति और राजनीतिक करियर की पूरी जानकारी। बिहार चुनाव 2025 के उम्मीदवार की जीवनी पढ़ें।
बेगूसराय से बीजेपी प्रत्याशी कुंदन कुमार की बायोग्राफी।
BJP Candidate Kundan Kumar Biography: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होने वाले हैं। बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से एक बेगूसराय की सीट है। इस सीट का निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 146 है। यह सीट एक सामान्य कैटेगरी की सीट है, जो कि अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित नहीं है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कुंदन कुमार ने इस सीट से जीत हासिल की थी। इस बार भी बीजेपी ने कुंदन को बेगूसराय सीट से प्रत्याशी बनाया है। पढ़िए कुंदन कुमार का जीवन परिचय और उनका राजनीतिक सफर...
कुंदन कुमार की बायोग्राफी
कुंदन कुमार बीजेपी के अनुभवी नेता हैं। उनकी उम्र 48 साल है। कुंदन कुमार बिहार के बेगूसराय के मूल निवासी हैं। वह भूमिहार समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता का नाम उपेंद्र प्रताप सिंह है, जो एक निर्माण कंपनी के मालिक हैं। कुंद कुमार ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बेगूसराय से ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने साल 2004 में इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया पुणे से मानव संसाधन प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध में विशेषज्ञता के साथ प्रबंधन/मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली।
वह शुरुआत से सामाजिक सेवा और व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उनकी पत्नी एक कंसल्टेंसी व्यवसाय से जुड़ी हैं। कुंदन कुमार स्थानीय स्तर पर अपने कामों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों जैसे सड़क निर्माण, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का काम किया है। वर्तमान में वह बेगूसराय विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं।
कुंदन कुमार का राजनीतिक सफर
कुंदन कुमार ने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वह बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र को बीजेपी का गढ़ मानते हैं। साल 2020 में उन्होंने पहली बार बेगूसराय सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें 74,217 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की उम्मीदवार अमिता भूषण को 4,554 वोटों से मात दी।
बेगूसराय में भूमिहार वोटरों का दबदबा है, जिसके कारण कुंदन कुमार इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए मजबूत प्रत्याशी माने जाते हैं। पहली बार विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने बेगूसराय में स्थानीय स्तर पर काम करके अपनी दावेदारी को और भी मजबूत बना लिया। इसके बाद साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कुंदन कुमार ने बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह की जीत अहम भूमिका निभाई।
कुंदन कुमार की कुल संपत्ति
बीजेपी प्रत्यासी कुंदन के पास कुल 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके नाम पर 8.76 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति (पुणे और पटना में फ्लैट्स और कमर्शियल बिल्डिंग) और 3.51 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल चल संपत्ति में विभिन्न बैंकों में करोड़ों रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट, सोना (250 ग्राम), दो वाहन (फॉर्च्यूनर और इनोवा क्रिस्टा), बंदूक और निजी कंपनियों में हिस्सेदारी शामिल है।
इसके अलावा उनकी पत्नी शिप्रा सिंह के नाम 67 लाख रुपये और दोनों बच्चों (नमिश और आरुष) के नाम 9.43 लाख और 13.74 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है। कुंदन कुमार के ऊपर कुल कर्ज 50,96,802 रुपये का कर्ज भी है।
आपराधिक मामले
हलफनामे के अनुसार, कुंदन कुमार पर नगर थाना में एफआईआर क्रमांक 583/2020 दर्ज है, जिसमें आईपीसी की धारा 171सी, 188 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 127ए के तहत आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने 16 मई, 2025 को इसमें आरोप तय कर लिए हैं, हालांकि इसके खिलाफ कोई अपील दर्ज नहीं की गई है।
बेगूसराय सीट पर समीकरण
साल 2000 से लेकर अब तक सिर्फ 2015 के चुनाव को अलावा हर बार बेगूसराय सीट पर बीजेपी का कब्जा रहा है। साल 2000 और 2005 दोनों विधानसभा चुनावों में बीजेपी के भोला सिंह ने जीत हासिल की थी। इसके बाद साल 2009 में भोला सिंह के नवादा से सांसद बनने के बाद हुए उपचुनाव हुए, जिसमें बीजेपी के श्रीकृष्णा सिंह विधायक चुने गए। इसके बाद साल 2010 में बीजेपी के प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता ने जीत हासिल की।
फिर 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की अमिता भूषण ने बीजेपी के सुरेंद्र मेहता को 16,531 वोटों से हराकर बेगूसराय की सीट पर कब्जा जमाया। हालांकि 2020 में कुंदन कुमार ने बीजेपी की ओर से चुनाव लड़ते हुए अमिता भूषण को हरकार फिर से इस सीट पर बीजेपी का परटम लहराया। ऐसे में बीजेपी ने इस विधानसभा चुनाव में भी कुंदन कुमार को प्रत्याशी बनाया है।
बता दें कि बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी/अन्य पिछड़े वर्ग की आबादी काफी है। इसमें विभिन्न जातीय, सामाजिक समूह शामिल हैं। बेगूसराय विधानसभा सीट पर भूमिहार समुदाय का दबदबा माना जाता है। इस सीट पर बीजेपी प्रत्याशी कुंदन कुमार के खिलाफ महागठबंधन की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार अमिता भूषण फिर से चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, जन सुराज पार्टी की ओर से सुरेंद्र कुमार साहनी चुनावी मैदान में हैं।