बिहार चुनाव 2025: पाग विवाद पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मांगी माफी, बोले– मिथिला के सम्मान का सबको करना होगा आदर

अलीनगर में हुए पाग विवाद पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मिथिला वासियों से माफी मांगी है। भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर की सभा में यूपी की विधायक केतकी सिंह द्वारा मिथिला के प्रतीक पाग को फेंकने पर विवाद भड़का था।

Updated On 2025-10-25 18:49:00 IST

मिथिला पाग विवाद पर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मांगी माफी।

Bihar Election 2015: अलीनगर में हुए मिथिला पाग विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री एवं बिहार भाजपा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने मिथिलांचल के लोगों से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मिथिला के पाग को सबको सम्मान करना होगा।

क्यों हुआ था विवाद?

दरअसल, भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश की विधायक और स्टार प्रचारक केतकी सिंह ने मंच से 'पाग' को फेंकते हुए विवादित टिप्पणी कर दी थी। उन्होंने कहा था, ''मिथिला का गौरव पाग नहीं, मैथिली ठाकुर है।''

उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मिथिलांचल के लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उन्हें टोकते हुए कहा था कि 'पाग मिथिला का सम्मान है।'

विद्यापति सेवा संस्थान ने जताई थी नाराजगी

विधायक के इस व्यवहार के खिलाफ विद्यापति सेवा संस्थान ने आपत्ति जताई थी और भाजपा से उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही, मिथिलावासियों से सार्वजनिक क्षमा मांगने का भी आग्रह किया था।

केतकी सिंह ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद केतकी सिंह ने अपने बयान पर खेद जताया और कहा कि उन्होंने जानबूझकर किसी का अपमान नहीं किया। पाग का अपमान सपने में भी नहीं सोच सकती। प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी पाग को सम्मान दिया है।

उन्होंने बताया कि उनकी मंशा केवल यह दिखाने की थी कि मैथिली ठाकुर समाज की बेटी और गर्व हैं, जैसे पगड़ी समाज की शान होती है।

मैथिली ठाकुर का वीडियो भी हुआ था वायरल

इस विवाद के बीच मैथिली ठाकुर का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे पाग में रखे मखाने खाते नजर आ रही थीं। इसे भी कुछ लोगों ने मिथिला संस्कृति के अपमान से जोड़ा। हालांकि मैथिली ठाकुर ने कहा कि यह वीडियो गलत ढंग से प्रचारित किया गया। जहां भी जाती हूं, लोग प्यार और सम्मान से पाग पहनाते हैं और मखाना खिलाते हैं। यह मिथिला का प्रेम है, न कि अपमान।

राजद और वीआईपी नेता हुए भाजपा में शामिल

इसी दौरान दिल्ली मोड़ स्थित एक होटल में धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां राजद और वीआईपी पार्टी के कई नेता भाजपा में शामिल हुए। इनमें वीआईपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बद्री कुमार पूर्वे और राजद के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कुमार गौरव शामिल थे।

प्रधान ने कहा, ''इनके आने से एनडीए भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा। बिहार का एक ही जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर हैं, उनकी कोई नकल नहीं कर सकता।''

Tags:    

Similar News