महेंद्र सिंह धोनी के साथ 15 करोड़ की ठगी, कैप्टन कूल ने स्पोर्ट्स कंपनी के खिलाफ कोर्ट में दायर की याचिका

MS Dhoni files criminal complaint against ex-business partners over alleged fraud of rs 15 crore

Updated On 2024-01-05 20:42:00 IST
अर्का स्पोर्ट्स लिमिटेड ने अपनी वेबसाइट के कवर पेज पर एमएस धोनी का फोटो लगा रखा है।

Aarka Sports Fraud Case: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के साथ 15 करोड़ रुपए के फ्रॉड का मामला सामने आया है। कैप्टन कूल धोनी ने इस मामले को लेकर रांची कोर्ट में अर्जी लगाई है। उन्होंने अपने बिजनेस पार्टनर रहे दो लोगों- मिहिर दिवाकर और सौम्य विश्वास के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। यह पूरा मामला 2017 में हुई एक बिजनेस डील से जुड़ा बताया जा रहा है।

क्रिकेट एकेडमी खोलने के लिए हुआ था करार
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार यानी 5 जनवरी को अर्का स्पोर्ट्स एंड मैनेजमेंट लिमिटेड के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई। धोनी के साथ इस कंपनी में मिहिर दिवाकर और सौम्य विश्वास साझेदार थे। अब धोनी ने उन पर 15 करोड़ रुपए ठगने का आरोप लगाया है। दिवाकर ने 2017 में महेंद्र सिंह धोनी के नाम से ग्लोबल लेवल पर क्रिकेट एकेडमी खोलने के लिए उनके साथ करार किया था। आरोप है कि दिवाकर अब एग्रीमेंट में शामिल नियम-शर्तों का पालन नहीं कर रहा है, जिसमें क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत करना भी शामिल था। 

कानूनी नोटिस का भी जबाव नहीं दिया
धोनी ने शिकायत में बताया कि एग्रीमेंट के अनुसार, अर्का स्पोर्ट्स को उनके साथ फ्रेंचाइजी फीस और प्रॉफिट शेयर करना था, लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया। इसके बाद 15 अगस्त, 2021 को एमएस धोनी ने अपनी ओर से दिया मान्यता संबंधी लेटर वापस ले लिया और अर्का स्पोर्ट्स को कई बार कानूनी नोटिस भी भेजे गए। जिस पर दिवाकर और विश्वास की ओर से कोई जबाव नहीं दिया गया।

धोनी के वकील ने कोर्ट में क्या बताया?
एमएस धोनी की ओर से कोर्ट में पेश हुए वकील दयानंद सिंह ने दावा किया है कि अर्का स्पोर्ट्स ने पूर्व कप्तान के साथ 15 करोड़ रुपए से ज्यादा का फ्रॉड किया है। इसके साथ ही धोनी के दोस्त सीमंत लोहानी ने भी दिवाकर के खिलाफ उन्हें धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि अर्का स्पोर्ट्स की वेबसाइट पर महेंद्र सिंह धोनी की कई तस्वीरें लगी हुई हैं। कवर पेज पर धोनी की फोटो के साथ कंपनी ने खुद को एथलीट और प्लेयर मैनेजमेंट के मामले में स्पेशलिस्ट बताया है। साथ ही शीर्ष स्तर की कंसल्टेंसी प्रदान करने का दावा भी किया।

Tags:    

Similar News