IPL 2024, Harry Brook: दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका, हैरी ब्रूक ने लीग से वापस लिया नाम; जानिए क्या है वजह

IPL 2024, Harry Brook: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का श्रीगणेश होने में अब कुछ दिन शेष हैं। 22 मार्च से IPL 2024 का आगाज होगा। लीग की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। इंग्लिश बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए लीग से अपना नाम वापस ले लिया है।

Updated On 2024-03-13 15:57:00 IST
22 मार्च से शुरू होगा आईपीएल।

IPL 2024, Harry Brook: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का श्रीगणेश होने में अब कुछ दिन शेष हैं। 22 मार्च से IPL 2024 का आगाज होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी 17वें सीजन के सिर्फ 17 दिन का शेड्यूल ही जारी किया है। इस दौरान 4 डबल हेडर समेत कुल 21 मैच खेले जाएंगे। आगामी सीजन के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। लीग की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। इंग्लिश बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए  लीग से अपना नाम वापस ले लिया है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में खरीदा था। 

टेस्ट सीरीज नहीं खेले थे हैरी ब्रूक
भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। इंग्लैंड टीम प्रबंधन और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने खिलाड़ी और उसके परिवार के लिए गोपनीयता की मांग की। ECB ने एक जनवरी में कहा था, "ब्रूक परिवार इस दौरान सम्मानपूर्वक गोपनीयता का अनुरोध करता है। ECB और परिवार मीडिया और जनता से अनुरोध करते हैं कि वे गोपनीयता की उनकी इच्छा का सम्मान करें और उनके निजी स्थान पर घुसपैठ करने से बचें।"

फ्रेंचाइजी ने जताई नाराजगी
व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने वाले अंग्रेजी खिलाड़ियों की इस प्रवृत्ति से IPL फ्रेंचाइजियों में नाराजगी है। फ्रेंचाइजी का कहना है कि इस तरह की अप्रत्याशित और अचानक वापसी से उनकी प्लानिंग बाधित होती है। IPL फ्रेंचाइजी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ इस मुद्दे को सुलझाने पर विचार कर रही हैं।

कई खिलाड़ी ले चुके नाम वापस
फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने कहा, "एक बार जब खिलाड़ी नीलामी के लिए पंजीकरण करा लेते हैं, तो उन्हें अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करना चाहिए। इससे मुकरना गैर-पेशेवर है और BCCI को इस पर ध्यान देना चाहिए।" व्यक्तिगत कारणों से लीग से बाहर होने का यह पहला मामला नहीं हैं। इससे पहले एलेक्स हेल्स, जेसन रॉय और यहां तक कि मिशेल स्टार्क जैसे खिलाड़ी पहले भी इसी तरह के कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले चुके हैं। अब दिल्ली कैपिटल्स को हैरी ब्रूक के रिप्लेसमेंट की तलाश है।

IPL 2023 में हैरी ब्रूक का प्रदर्शन
IPL 2023 में हैरी ब्रूक का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए उन्होंने 11 मुकाबलों में 21.11 की औसत 123.38 की स्ट्राइक रेट से 190 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक भी लगाया था। हैदराबाद ने उन्हें 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। IPL 2024 से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था। ऐसे में मिली ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने हैरी ब्रूक पर दांव लगाया था। 

ये भी पढ़ें: IPL 2024: लीग के पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार तो आखिरी में ड्वेन ब्रावो ने किए सर्वाधिक शिकार, देखिए सभी ओवर्स की लिस्ट

Similar News