Paris Olympics Day 12 : विनेश फोगाट पर लोकसभा में खेल मंत्री ने दिया बयान, अंतिम पंघाल अपना पहला मैच हारीं
Paris Olympics 2024 India Day 12 Live Updates: पेरिस ओलंपिक के 12वें दिन पूरे देश की नजर महिला रेसलर विनेश फोगाट पर होगी। विनेश के पास देश के लिए रेसलिंग में पहला गोल्ड जीतने का मौका है। वहीं, वेटलिफ्टर मीराबाई चानू भी आज एक्शन में होंगी।
नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक के 12वें दिन भारत के लिए दिल तोड़ने वाली खबर आई। विनेश फोगाट वजन की वजह से अयोग्य घोषित हो गईं। उनका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया। इसी वजह से विनेश को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद वो अब 50 किलोग्राम फ्री स्टाइल कुश्ती के फाइनल में नहीं उतर पाएंगी और मे़डल की रेस से बाहर हो गईं हैं। विनेश की टक्कर अमेरिका की सारा हिल्डब्रांड से होनी थी। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक, रात 12.30 बजे से शुरू होना था। इस मामले पर खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने लोकसभा में बयान दिया है।
खेल मंत्री मंडाविया ने कहा, आज विनेश का वजन 50 किलो भार वर्ग के लिहाज से 100 ग्राम अधिक पाया गया और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारतीय ओलंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सामने कड़ा विरोध जताया है। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा पेरिस में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात की है और उन्हें जरूरी कार्रवाई करने को कहा। सरकार ने उन्हें निजी स्टाफ समेत हर तरह की दूसरी सुविधाएं दी हैं।
विनेश के अलावा वेटलिफ्टर मीराबाई चानू भी बुधवार को एक्शन में होंगी। टोक्यो 2020 में मीराबाई ने सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उनसे गोल्ड की उम्मीद है। इस बीच, संजय सिंह और गगन नारंग ने आईओसी को पत्र लिखा है और वे इस पर चर्चा कर रहे हैं। विनेश को लेकर अंतिम फैसला 20 मिनट में लिया जाएगा। लेकिन अभी तक जो स्थिति है, उससे लगता है कि विनेश को पदक नहीं मिलेगा।
इस बीच, पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वालीं मनु भाकर भारत लौट आईं हैं। बुधवार सुबह वो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरीं। फैंस ने एयरपोर्ट पर मनु का जोरदार स्वागत किया। उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया।