रणजी ट्रॉफी प्लेट फाइनल: बिहार ने मणिपुर को 568 रन से रौंदा, एलीट ग्रुप में दमदार वापसी
Ranji Trophy plate final: बिहार ने रणजी प्लेट फाइनल में मणिपुर को 568 रन से हराया। पीयूष सिंह का दोहरा शतक और गेंदबाजों का जलवा। जीत के साथ बिहार की एलीट ग्रुप में जोरदार वापसी।
रणजी ट्रॉफी प्लेट फाइनल में बिहार ने इतिहास रच दिया।
Ranji Trophy plate final: रणजी ट्रॉफी प्लेट फाइनल में बिहार ने इतिहास रच दिया। पीयूष सिंह के शानदार दोहरे शतक और गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन के दम पर बिहार ने मणिपुर को 568 रन के विशाल अंतर से हराकर एलीट ग्रुप में वापसी पक्की कर ली। यह जीत सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि बिहार क्रिकेट के पुनर्निर्माण की मजबूत घोषणा है।
मैच का रुख बिहार ने पहले ही दिन से अपने पक्ष में मोड़ दिया था। पहली पारी में बिहार ने 522 रन ठोके। कप्तान सकीबुल गनी (108) और बिपिन सौरभ (143) ने शतक लगाकर टीम को मजबूत आधार दिया। जवाब में मणिपुर की टीम 264 रन पर सिमट गई। यहां से मैच एकतरफा हो गया।
दूसरी पारी में बिहार ने रनों का अंबार लगा दिया। ओपनर पीयूष सिंह ने बेहतरीन धैर्य और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 322 गेंदों में नाबाद 216 रन बनाए। उनके साथ टीम ने स्कोर को 505/6 तक पहुंचाया। रघुवेंद्र प्रताप सिंह शतक से चूक गए और अपने ओवरनाइट स्कोर 90 पर आउट हुए, जिसके बाद बिहार ने पारी घोषित कर दी। इसके साथ मणिपुर को 764 रन का नामुमकिन लक्ष्य मिला।
आखिरी दिन बिहार ने सिर्फ नौ गेंद खेलने के बाद घोषणा की और पूरे दिन मणिपुर को समेटने की रणनीति अपनाई। गेंदबाजों ने कप्तान का भरोसा पूरी तरह निभाया। मणिपुर की दूसरी पारी 195 रन पर ढेर हो गई। स्पिनरों सूरज कुमार कश्यप (3/32) और हिमांशु सिंह (3/49) ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
मणिपुर की हालत शुरुआत से ही खराब थी। 14 ओवर में स्कोर 50/5 और 23 ओवर में 70/7 हो चुका था। हालांकि 19 वर्षीय फीरोइजाम जोतिन ने 102 गेंदों में 74 रन बनाकर थोड़ी देर संघर्ष दिखाया। उन्होंने एल. किशन सिंघा (30) के साथ आठवें विकेट के लिए 83 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं चली। आकाश राज ने किशन सिंघा को आउट कर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी। इसके बाद जोतिन भी आउट हुए और बिहार की बड़ी जीत तय हो गई।
यह जीत बिहार के लिए खास है। 2022-23 में एलीट ग्रुप में पहुंचने के बाद टीम 2024-25 में प्लेट ग्रुप में चली गई थी। अब कप्तान सकीबुल गनी की अगुआई में और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सहारे बिहार फिर से शीर्ष स्तर पर लौट आया है। इससे पहले बिहार विजय हजारे ट्रॉफी में भी मणिपुर को हराकर एलीट लीग में प्रमोशन हासिल कर चुका है।