MS Dhoni Viral Video: धोनी की जिस पारी ने सेलेक्टर्स को किया क्लीन बोल्ड, उसका वीडियो वायरल

MS Dhoni 2004 Viral Video: महेंद्र सिंह धोनी का 2004 का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसने उन्हें टीम इंडिया का टिकट दिलाया था।

Updated On 2024-08-20 11:54:00 IST
MS Dhoni on Bazball Tectics

नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में कई पारियां ऐसी होती हैं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाती हैं। महेंद्र सिंह धोनी की ऐसी ही एक पारी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। ये 2004 का वीडियो है। इसमें धोनी इंडिया-ए की तरफ से खेलते नजर आ रहे हैं और उन्होंने पाकिस्तान-ए के खिलाफ दमदार पारी खेली थी। तब उनकी इस पारी ने सेलेक्टर्स का ध्यान खींचा था और इसके बाद उनकी टीम इंडिया में एंट्री हुई और उसके बाद जो हुआ, वो इतिहास के पन्नों में दर्ज है। 

धोनी की 2004 की पारी का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। ये पारी उन्होंने 19 अगस्त 2004 को पाकिस्तान-ए के खिलाफ केन्या के नैरोबी में खेली थी। इस मैच में इंडिया-ए ने 235 रन का टारगेट चेज किया था। इस रन चेज में धोनी का बड़ा हाथ था। उन्होंने 134 गेंद में नाबाद 119 रन बनाए थे। धोनी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की थी। इस पारी के बाद भी सेलेक्टर्स की उनपर नजर पड़ गई थी। 

वैसे धोनी को फिनिशर के तौर पर पहचाना जाता है। लेकिन, टॉप ऑर्डर में भी उनकी बल्लेबाजी बेखौफ रही है। अपने वनडे करियर में धोनी ने तीन नंबर पर भी बल्लेबाजी करते हुए अपना लोहा मनवाया था। उन्होंने वनडे में नंबर-3 पर 16 पारियों में 82 की औसत और 100 की स्ट्राइक रेट से 993 रन ठोके थे। उन्होंने तीन नंबर पर 2 शतक और 6 फिफ्टी ठोकी थी। 

इससे साफ होता है कि एक बल्लेबाज के तौर पर धोनी के पास हर परिस्थिति के साथ तालमेल बैठाने का हुनर था। पाकिस्तान ए के खिलाफ़ सीरीज़ धोनी के करियर में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई। नैरोबी मैच में उनके 119* रन सहित उनके असाधारण प्रदर्शन ने उन्हें प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिलाया था। तब धोनी ने 6 पारियों में 362 रन ठोके थे। 

इस असाधारण प्रदर्शन ने धोनी के भारतीय राष्ट्रीय टीम में चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुछ ही महीनों बाद, दिसंबर 2004 में, धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ़ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था जिससे उनके शानदार करियर की शुरुआत हुई और वे भारत के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेटरों में से एक बन गए। फैंस को धोनी का ये विंटेज वीडियो काफी पसंद आ रहा। 

Similar News