IND vs NZ Test: मोहम्मद सिराज का तो हो गया फायदा, पर यशस्वी जायसवाल को लगा झटका, मैदान से जाना पड़ा बाहर

Yashasvi Jaiswal injury: ऋषभ पंत की चोट से परेशान टीम इंडिया को बैंगलुरू टेस्ट के तीसरे दिन एक और झटका लगा। डेरिल मिचेल का कैच लेने के दौरान उन्हें चोट लग गई। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।

Updated On 2024-10-18 11:38:00 IST
Yashasvi Jaiswal injury scare

Yashasvi Jaiswal injury: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल ने स्लिप एरिया में डेरिल मिचेल का शानदार कैच लपका। लेकिन, इस कैच को पकड़ने के दौरान यशस्वी की उंगलियों में चोट लग गई। इससे एक दिन पहले ही, ऋषभ पंत विकेटकीपिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके घुटने पर गेंद लग गई थी। इसी वजह से पंत टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को विकेटकीपिंग के लिए नहीं उतरे। ऐसे में यशस्वी की चोट ने भी भारत की टेंशन बढ़ा दी होगी। 

न्यूजीलैंड की पारी के 55वें ओवर में, डेरिल मिचेल ने मोहम्मद सिराज की गेंद को गली की दिशा में खेला। गेंद हवा में थी और वहां फील्डिंग कर रहे यशस्वी जायसवाल के पास गोली की रफ्तार से पहुंचीं। यशस्वी ने भी इसे लपकने में गलती नहीं की। उन्होंने कैच तो पकड़ लिया लेकिन चोटिल हो गए। 

कैच के फौरन बाद वो तकलीफ में नजर आए। इसके बाद वो आनन-फानन में मैदान से बाहर चले गए और उनकी जगह अक्षर पटेल ने ली जबकि सरफराज खान ने स्लिप कॉर्डन में उनकी जगह ली। यशस्वी की चोट कितनी गहरी है, फिलहाल इसका पता नहीं चला है। पहले ही भारतीय टीम ऋषभ पंत की चोट से जूझ रही है। पंत तीसरे दिन विकेटकीपिंग के लिए भी नहीं उतरे। बैंगलुरू टेस्ट में जिस तरह से न्यूजीलैंड ने भारत पर बड़ी लीड हासिल कर ली है, उसे देखते हुए पंत का तीसरी पारी में बैटिंग करना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी है। इतना ही नहीं, भारत को आगे ऑस्ट्रेलिया का भी दौरा करना है और टीम इंडिया के लिहाज से पंत का फिट होना अहम है। 

Similar News