न्यूजीलैंड को बड़ा झटका: हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते गेंदबाज टी20 विश्व कप से बाहर, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी को मौका
T20 World cup 2026: न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते एडम मिल्ने टी20 विश्व कप से बाहर हो गए। काइल जैमिसन को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप से पहले बड़ा झटका लगा है।
T20 World cup 2026: न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा। तेज गेंदबाज़ एडम मिल्ने हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनकी जगह काइल जैमिसन को टीम में शामिल किया गया। मिल्ने को यह चोट SA20 लीग के दौरान लगी थी, जिसके बाद स्कैन में मांसपेशियों में गंभीर खिंचाव की पुष्टि हुई।
मिल्ने को यह चोट बीते रविवार MI केप टाउन के खिलाफ सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए गेंदबाजी करते हुए लगी थी। वह अपने पहले ही ओवर में चोटिल हो गए थे और मैदान छोड़ना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में मिल्ने शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 8 मैचों में 11 विकेट लिए, औसत 16.27 का रहा और इकॉनमी रेट 7.61 रही।
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वॉल्टर ने मिल्ने के बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा, 'हम सभी एडम के लिए बेहद दुखी हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए खुद को पूरी तरह तैयार किया था और ईस्टर्न केप के लिए खेले गए 8 मैचों में वह अपनी बेस्ट लय में दिख रहे थे। समय बहुत खराब है लेकिन हम उनके जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं।'
एडम मिल्ने की जगह काइल जैमिसन को ट्रैवलिंग रिजर्व से मुख्य टीम में प्रमोट किया गया। अच्छी बात यह है कि जैमिसन पहले से ही भारत दौरे पर न्यूजीलैंड टीम के साथ मौजूद हैं। आईसीसी नियमों के अनुसार, 31 जनवरी तक टीम में बिना किसी अनुमति के बदलाव किया जा सकता। इसके बाद किसी भी रिप्लेसमेंट के लिए आईसीसी की मंजूरी जरूरी होगी।
कोच रॉब वॉल्टर ने जैमिसन को लेकर भरोसा जताते हुए कहा, 'काइल का हमारे साथ भारत में होना हमारे लिए बड़ा प्लस है। वह हमारे पेस अटैक का अहम हिस्सा हैं और इस दौरे पर उन्होंने शानदार शुरुआत की है। उनके पास अनुभव है और वह मेहनती खिलाड़ी हैं, जो वर्ल्ड कप में काम आएगा।'
काइल जैमिसन ने हाल ही में पीठ की चोट से उबरकर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। इस महीने भारत के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट 41 रन देकर लिए थे।
इस बीच न्यूजीलैंड ने पहले ही साफ कर दिया है कि मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कुछ समय के लिए पैटरनिटी लीव पर जा सकते। टीम टूर्नामेंट से पहले एक और ट्रैवलिंग रिजर्व भी जोड़ेगी।
न्यूजीलैंड अपना वर्ल्ड कप अभियान 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू करेगा। इससे पहले 6 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच खेलेगा। भारत के खिलाफ चल रही T20 सीरीज में अभी चार मुकाबले बाकी हैं।