मौसम अपडेट 3 सितंबर 2025: IMD का अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 सितंबर 2025 को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है।

Updated On 2025-09-03 10:56:00 IST

MP Weather Update

Weather Update 3 September 2025: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 3 सितंबर 2025 को देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ख़बरों के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तर भारत से लेकर पूर्व और मध्य भारत के राज्यों तक तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

  • जम्मू-कश्मीर: ऑरेंज अलर्ट के बीच लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़कें बंद। जम्मू-श्रीनगर हाईवे बहाल करने का काम जारी।
  • पंजाब: 23 जिलों में 3.5 लाख लोग प्रभावित, अब तक 30 मौतें। सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर (324 गांव), अमृतसर (135 गांव) और होशियारपुर (119 गांव) पर।
  • हिमाचल प्रदेश: 1,337 सड़कें बंद, जिनमें मंडी, शिमला, कुल्लू और चंबा सबसे ज्यादा प्रभावित। कई नेशनल हाईवे भी अवरुद्ध।
  • दिल्ली-NCR: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, पानी का स्तर 206.03 मीटर तक पहुंचा। कश्मीरी गेट, वसुंधरा घाट और यमुना बाजार से लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

इसके अलावा, IMD ने हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा और आसपास के इलाकों के लिए भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

निम्न दबाव क्षेत्र का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) बना हुआ है। यह सिस्टम बुधवार सुबह 5:30 बजे तक पूरी तरह सक्रिय था और अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए ओडिशा के तटीय हिस्सों को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है।


जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश (230 मिमी से ज्यादा) दर्ज की गई। कुछ प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं।

  • रियासी: 230.5 मिमी (अत्यधिक भारी बारिश)
  • कटरा: 193 मिमी
  • बटोत: 157.3 मिमी
  • डोडा: 114 मिमी
  • बदरवाह: 96.2 मिमी
  • बनिहाल: 95 मिमी
  • जम्मू: 81 मिमी
  • श्रीनगर: 32 मिमी

अन्य राज्यों में बारिश की स्थिति

IMD के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, जबकि हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, तटीय महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मध्यम बारिश हुई है।

सावधानी और सलाह

  • मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
  • भारी बारिश वाले इलाकों में निचले क्षेत्रों में जलभराव की संभावना है।
  • पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा है।
  • सफर करने से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर जांचें।
  • किसान भाइयों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसल और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
  • ताज़ा जानकारी के लिए IMD की वेबसाइट और X (Twitter) हैंडल पर अपडेट देखें। 
Tags:    

Similar News