खगेन मुर्मु की हालत ठीक नहीं: केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार का आरोप, अग्निमित्रा पॉल ने ममता बनर्जी को घेरा
उत्तर बंगाल के नागराकाटा में भीड़ के हमले में भाजपा सांसद खगेन मुर्मु और विधायक शंकर घोष घायल हुए थे। भाजपा ने इसके बाद टीएमसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भाजपा सांसद खगेन मुर्म की तबीयत पर दिया अपडेट
पश्चिम बंगाल के नागराकाटा में भीड़ के हिंसक हमले के बाद भाजपा ने टीएमसी को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल का आरोप है कि सीएम ममता बनर्जी के पास इस हिंसक हमले में घायल भाजपा सांसद का हालचाल पूछने के लिए पांच मिनट का भी समय नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल और भारत के सभी लोग देख रहे हैं कि क्या हो रहा है? उधर, केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने सांसद खगेन मुर्मु और विधायक शंकर घोष की तबीयत पर अपडेट दिया है। साथ ही, मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की है।
मीडिया से बातचीत में अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी भाजपा सांसद से मिलने के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन उन्होंने 5 मिनट का भी समय नहीं दिया। यहां तक कि उन्हें यह भी नहीं पता था कि हमारे सांसद को कहां चोट लगी है। वे कह रही हैं कि कुछ हुआ ही नहीं। जो फोटो-ऑप कर रही हैं, वह गलत है। उन्होंने सीएम ममता बनर्जी के लिए कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने 2011 में आप पर भरोसा किया था, अब आपका जो ट्रैक रिकॉर्ड है, जिससे अपराध हो रहे हैं, उन सबके बावजूद एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विधायक शंकर घोष से नहीं मिली थी सीएम
सीएम ममता बनर्जी ने मंगलवार को सिलिगड़ी के नेवटिया अस्पताल पहुंचकर उत्तर मालदा के भाजपा सांसद खगेन मुर्मु का हालचाल पूछा था। मूर्मु नागराकाटा में भीड़ के हमले में घायल हुए थे। वहीं विधायक शंकर घोष को भी भर्ती कराय गया था। ममता बनर्जी ने खगेन मुर्मु का हालचाल तो पूछा, लेकिन विधायक शंकर घोष से मिली तक नहीं। इस पर भी बंगाल भाजपा टीएमसी और ममता बनर्जी को घेर रही है।
खगेन मुर्मु और शंकर घोष की तबीयत कैसी?
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भाजपा सांसद खगेन मुर्मु और विधायक शंकर घोष की तबीयत पर अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि शंकर घोष के कंधे में चोट लगी है, लेकिन उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। वहीं, खगेन मुर्मु की हालत अच्छी नहीं है। वे बात करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं और गुंडों द्वारा फेंके पत्थर से उनके चेहरे की एक हड्डी टूट गई है। डॉक्टरों ने उन्हें लंबे समय तक आराम की सलाह दी है।
हालात ज्यादा बिगड़े तो जाना होगा कोर्ट
सुकांता मजूमदार ने कहा कि कानून व्यवस्था राज्य का विषय है। हम इसमें कुछ भी नहीं कर सकते हैं, लेकिन हालात और बिगड़ते हैं, तो हमें कोर्ट जाना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले की जांच सीबीआई से करानी चाहिए। साथ ही कहा कि, टीएमसी के गुंडों ने जिस व्यक्ति पर हमला किया, वह ST समुदाय से है, इसलिए मुझे लगता है कि खगेन मुर्मू पर हमला करने वालों पर SC/ST अत्याचार अधिनियम भी लगाया जाना चाहिए।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।