उत्तर प्रदेश: बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में भगदड़, दो श्रद्धालुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Barabanki Ausaneshwar Temple Stampede: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बड़ी घटना हो गई। औसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार (28 जुलाई) को भगदड़ मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 29 लोग घायल हैं।
Barabanki Ausaneshwar Temple Stampede
Barabanki Ausaneshwar Temple Stampede: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बड़ी घटना हो गई। अवसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार (28 जुलाई) को भगदड़ मच गई। भीड़ इधर-उधर भागने लगी। अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। महिला, बच्चे सहित 29 लोग घायल हैं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के लिए 5 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
जानिए कैसे हुआ हादसा
बाराबंकी जिला मुख्यालय से अवसानेश्वर महादेव मंदिर 40 किमी दूर है। सावन के तीसरे सोमवार पर 28 जुलाई को मंदिर में भारी भीड़ थी। श्रद्धालु महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कतार में लगे थे। तभी कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए। तार टूटकर मंदिर परिसर के टिन शेड पर गिर गया। इसी कारण करंट फैला और भगदड़ मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। 29 लोग घायल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानिए क्या बोले कलेक्टर
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासन की टीम पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। कुछ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कलेक्टर शशांक त्रिपाठी ने बताया कि कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए थे, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टिन शेड पर गिर गया। इसी कारण करंट फैला और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बहुत दुखद है
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बहुत दुखद है। जो लोग घायल हुए हैं वे जल्दी से जल्दी स्वस्थ हों। कल उत्तराखंड में मनसा देवी माता के मंदिर में दुर्घटना हुई और आज बाराबंकी में हो गई। बहुत ध्यान देने की आवश्यकता है। लोगों की श्रद्धा, आस्था बढ़ी है। लोग बड़ी संख्या में मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं, व्यवस्था में और अधिक सुधार करने की आवश्यकता है, सुधार किया जाएगा।
CMO का बयान
बाराबंकी में करंट लगने की घटना पर CMO अवधेश प्रसाद ने बताया कि घटना सुबह करीब 2-2.30 बजे औसानेश्वर मंदिर में हुई। कुछ लोग बिजली के तारों के संपर्क में आ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कुल 29 लोगों को हैदरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इनमें से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। नौ लोगों को त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया और बाकी सात खतरे से बाहर हैं। छह और घायल हुए थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सभी को छुट्टी दे दी गई है।
हरिद्वार भगदड़ में 8 की मौत
पुलिस ने बताया कि घटना के दो घंटे बाद मंदिर के हालात फिर से सामान्य हो गए। श्रद्धालु लाइन में लगकर फिर से जलाभिषेक कर रहे हैं। बता दें कि रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मच गई थी। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
CM योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वालों के शोक जताया है। CM ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने तथा उनके समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।