Samir Modi: ललित मोदी का भाई दुष्कर्म केस में गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने खोले राज
बिजनेसमैन समीर मोदी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। महिला ने रेप, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी का आरोप लगाया। जांच जारी है।
ललित मोदी का भाई समीर दुष्कर्म केस में गिरफ्तार।
Samir Modi Arrest: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी के भाई व बिजनेसमैन समीर मोदी को दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने FIR के बाद लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। । गुरुवार (18 सितंबर 2025) शाम यूरोप से लौटते ही उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से अरेस्ट कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, महिला ने समीर मोदी के खिलाफ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में 10 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि समीर ने करियर में मदद और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है।
महिला ने बताया कि समीर से उसकी मुलाकात 2019 में हुई थी। इसके बाद लंबे समय तक यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और धमकियों का सिलसिला चला। उसने जब खुलासा करने की कोशिश की तो समीर जान से मारने की धमकी देने लगा।
वकील का दावा: महिला ने मांगे 50 करोड़
समीर मोदी के वकील एडवोकेट सिमरन सिंह ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कहा, FIR झूठी और मनगढ़ंत है। महिला 2019 से समीर के साथ रिश्ते में थी। अब वह 50 करोड़ मांग रही है। मना करने पर केस दर्ज करा दिया।
समीर मोदी की ओर से उन्होंने पुलिस को वॉट्सऐप चैट और अन्य सबूत भी सौंपे हैं। वकील ने दिल्ली पुलिस पर बिना समुचित जांच के जल्दबाजी में कार्रवाई का आरोप भी लगाया है।
समीर मोदी का विवादों से पुराना नाता
समीर मोदी, मोदी इंटरप्राइजेज के मैनेजिंग डायरेक्टर और कलरबार कॉस्मेटिक्स, मोदीकेयर फाउंडेशन के संस्थापक हैं। विवादों से उनका पुराना नाता है। पिता केके मोदी की 11,000 करोड़ की संपत्ति विवाद को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे हैं।
उन्होंने गत वर्ष अपनी मां के सुरक्षा अधिकारी पर हमला करने का आरोप लगाया था। बाद में उनकी मां ने मामले को झूठा बताया। अगस्त 2024 में उन्हें गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के बोर्ड से हटाया गया था।
ललित मोदी भी विवादों से अलग नहीं
ललित मोदी, समीर के बड़े भाई IPL में भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और FEMA उल्लंघन के मामलों में आरोपी हैं। 2010 में विवादों के बाद वह लंदन भाग गए। तब से भारत नहीं लौटे। ललित मोदी की कुल संपत्ति ₹4500 करोड़ बताई गई है।
दिल्ली की कोर्ट ने पुलिस हिरासत में भेजा
दिल्ली की कोर्ट ने समीर मोदी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। पुलिस महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने के लिए डिजिटल सबूतों, गवाहों और रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है।