Weather Updates: राजस्थान में प्रचंड गर्मी से हाहाकार, बाड़मेर 48 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म शहर; Heat Wave को लेकर रेड अलर्ट

Weather Updates: मौसम विभाग के मुताबिक, मई के अंत तक गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मैदानी इलाकों में कई दिनों तक तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना रहेगा। अगले कुछ दिन लू का रेड अलर्ट रहेगा। 

Updated On 2024-05-23 15:00:00 IST
Heat Stroke

Weather Updates: देश के उत्तरी राज्यों में प्रचंड गर्मी (Heat) से लोग हलकान हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को अगले तीन दिनों के लिए मैदानी इलाकों में भीषण लू (Heat wave) का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के बाड़मेर में बुधवार को पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। देश में सबसे अधिक गर्मी राजस्थान में पड़ रही है। देशभर के टॉप 10 शहरों में राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शहर शामिल हैं। इनमें से 6 अकेले राजस्थान के हैं। राजधानी जयपुर भी लू की चपेट में है और यहां तापमान 47 से 48 डिग्री के बीच बना हुआ है। 

राजस्थान: भीषण गर्मी से मजदूरों बीमार, 1 की मौत

  • यहां के बालोतरा जिले में एक निर्माणाधीन रिफाइनरी में काम कर रहे मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मजदूरों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की मौत हो गई। कुछ हिस्सों खासकर राज्य की सीमा चौकियों पर भीषण गर्मी पड़ रही है। 24, 25 और 26 मई के लिए 22 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी हुआ है।
  • राज्य के सबसे गर्म शहरों में चूरू 47.4, जैसलमेर 47.2, पिलानी 46.8, पाली 46.7, गंगानगर 46.7, जोधपुर 46.5 और कोटा 46.3° सेल्सियस शामिल हैं। बाड़मेर देशभर में सबसे अधिक गर्म शहर है। यहां इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया। पड़ोसी शहर फलोदी में पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस पर है। 

पहली बार 50 डिग्री का आंकड़ा छू सकता है पारा
प्राइवेट वेदर एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, मई के बाकी दिनों में राजस्थान समेत अन्य मैदानी राज्यों में गर्मी और लू से अभी कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। गर्मी को लेकर स्थिति और बदतर हो सकती है, पारा एक या दो डिग्री बढ़कर 50 डिग्री का आंकड़ा छू सकता है। रातें भी सामान्य से काफी गर्म हैं और तापमान 31-32° सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 

जानिए बाकी राज्यों में क्या है गर्मी का हाल?

  • अगले एक हफ्ते तक दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान के अनुसार, गुरुवार (23 मई) को पश्चिम मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों, शनिवार (23-25 ​​मई) तक उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, जम्मू, हिमाचल, गुजरात, पूर्वोत्तर में लू चलने की संभावना है। मध्यप्रदेश, विदर्भ में रविवार (23-26 मई) तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश शुक्रवार से रविवार (24-26 मई) तक लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
  • इसके अलावा, गुरुवार से रविवार (24-26 मई) तक पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में और शुक्रवार से उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू चलने की आशंका है। 

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कितनी गर्मी?
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में इस सप्ताह लू का प्रकोप जारी रहेगा, अगले 6-7 दिनों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। चंडीगढ़ में भी पारा चढ़ना जारी रहेगा, अगले 5-6 दिनों में दिन का तापमान 5 डिग्री बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। इसी तरह लखनऊ के लिए रविवार तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को हल्के और ढीले कपड़े पहनें, स्प्रे बोतल या नम स्पंज से स्किन को गीला रखने और ठंडे पानी से नहाने की सलाह दी है।

क्या होती है लू (Heat Wave)
आईएमडी के मुताबिक, लू की घोषणा तब की जाती है। जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए और क्षेत्र का तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला जाए। अगर टेम्परेचर 7 डिग्री से ज्यादा हो जाए तो भीषण लू की स्थिति बन जाती है। 

मानसून का अपडेट भी जान लीजिए 
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान केरल, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Similar News