भारत जोड़ो न्याय यात्रा का तीसरा दिन: राहुल गांधी बोले- RSS और BJP ने अयोध्या राम मंदिर समारोह को पीएम मोदी का राजनीतिक कार्यक्रम बनाया

Bharat Jodo Nyay Yatra Day 3 Updates: राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा 13 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू की थी। इसका समापन मुंबई में होगा।

Updated On 2024-01-16 14:25:00 IST
Rahul gandhi Congress Bharat Jodo Nyay Yatra

Bharat Jodo Nyay Yatra Day 3 Updates: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को तीसरा दिन है। सुबह राहुल गांधी ने नागालैंड की राजधानी कोहिमा के विसवेमा से अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरान तमाम लोग उनसे मिलने के लिए पहुंचे। लोगों ने राहुल का फूल मालाओं से स्वागत किया।

राहुल गांधी ने कोहिमा में मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर उद्घाटन समारोह के बहाने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस और बीजेपी ने 22 जनवरी के कार्यक्रम को पूरी तरह से नरेंद्र मोदी का राजनीतिक कार्यक्रम बना दिया है। इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने समारोह में न जाने का जो फैसला लिया है, वह बिल्कुल ठीक है। यहां तक कि शंकराचार्यों ने भी अपनी राय सार्वजनिक कर दी है। 

राहुल गांधी ने कहा कि हमने मणिपुर से यात्रा शुरू की थी। क्योंकि मणिपुर के साथ बहुत अन्याय हुआ है। यह पहली बार है जब हिंदुस्तान के किसी राज्य में महीनों से हिंसा जारी है। लेकिन प्रधानमंत्री वहां नहीं गए। मणिपुर की तरह पीएम मोदी ने नागालैंड से भी वादे किए थे। जो पूरे नहीं हुए। 

फर्क नहीं पड़ता कि आपका छोटा राज्य
राहुल गांधी ने कहा कि नागालैंड एक छोटा राज्य है, लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता है। आपको देश के अन्य सभी लोगों के समान महसूस करना चाहिए। लोगों को न्याय देना, राजनीति, समाज और आर्थिक संरचना को सभी के लिए अधिक समान और सुलभ बनाना, यही भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विचार है।

मणिपुर की जनता का जताया आभार
राहुल गांधी ने मणिपुर के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा और आपके लिए तब तक लड़ता रहूंगा जब तक आपको शांति और न्याय नहीं मिल जाता। हमारी यात्रा भाजपा की विभाजन और उपेक्षा की राजनीति से घायल भारत की आत्मा पर एकता और प्रेम का मरहम है। राहुल गांधी ने कहा कि आज मणिपुर पूरे देश की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है। हमें उनकी आंखों के दर्द को मिटाकर आशा का दीपक जलाना है।
 
इससे पहले सोमवार को यात्रा सेकमाई से शुरू होकर मणिपुर में अपना सफर पूरा किया था। राहुल गांधी ने मणिपुर की जनता का आभार व्यक्त किया।

जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर किया कटाक्ष
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नागालैंड में सड़क की स्थिति का हवाला देते हुए पीएम मोदी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह नेशनल हाइवे 29 है। इसकी हालत आप देख सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बहुत बोलते हैं, लेकिन इस हाइवे पर गड्ढे हैं। जमीनी हकीकत प्रधानमंत्री के दावों से बहुत दूर है।

राहुल गांधी ने नागा संगठनों से की मुलाकात
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' सोमवार शाम नागालैंड के कोहिमा पहुंची। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि विभिन्न राज्यों के नागा संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले नागा एचओएचओ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने 2015 में केंद्र और एनएससीएन-आईएम के बीच हस्ताक्षरित फ्रेमवर्क समझौते को लागू करने की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। नागा HOHO नागा समुदाय से संबंधित लोगों से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए सशक्त एक शीर्ष निकाय है।

Tags:    

Similar News