Governors Appointment: राष्ट्रपति मुर्मू ने 6 नए राज्यपाल नियुक्त किए, 3 के राज्य बदले गए; आधी रात जारी हुआ आदेश

राष्ट्रपति ने 6 नए राज्यपालों की नियुक्ति की और तीन अन्य का तबादला किया है। ये नियुक्तियां उनके संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।

Updated On 2024-07-28 10:41:00 IST
President Droupadi Murmu

Governors Appointment: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 6 नए राज्यपालों की नियुक्ति की, जबकि तीन अन्य के राज्य बदले गए हैं। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार रात करीब 2.30 बजे एक बयान में यह जानकारी दी गई। वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम, रामेन डेका को छत्तीसगढ़, गुलाब चंद कटारिया को पंजाब और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का गवर्नर बनाया गया है। ये नियुक्तियां राज्यपालों के संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी। राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। जानिए किस राज्य में कौन होंगे राज्यपाल...

असम और मणिपुर: राष्ट्रपति ने लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल बनाया, उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। वे अनसूया उइके की जगह लेंगे, जो फरवरी 2023 से मणिपुर के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थीं।
पंजाब: गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का नया राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद की गई।
सिक्किम: वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाया गया है। पहले यह जिम्मेदारी लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के पास थी, जिन्हें अब असम भेजा गया है।
महाराष्ट्र: झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया। वे रमेश बैस की जगह लेंगे। राधाकृष्णन के पास तेलंगाना का भी प्रभार है।
झारखंड: पूर्व केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। वे सी पी राधाकृष्णन की जगह लेंगे।
तेलंगाना: त्रिपुरा के पूर्व उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
पुडुचेरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी और पूर्व आईएएस अधिकारी के कैलाशनाथन को पुडुचेरी का लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) नियुक्त किया गया। कैलाशनाथन पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के मुख्य प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत थे। अपनी सेवानिवृत्ति के बाद वह एक दशक से अधिक समय तक इस पद पर रहे और अंततः 30 जून को पद छोड़ दिया।
राजस्थान: राज्यपाल कलराज मिश्रा की जगह महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हरीभाऊ किशनराव बागडे ने ली है।
छत्तीसगढ़: असम के पूर्व लोकसभा सदस्य रामेन डेका को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेघालय: कर्नाटक के मैसूर से पूर्व लोकसभा सांसद सी.एच. विजयशंकर को मेघालय का नया राज्यपाल बनाया गया है।

Similar News