Chunav 2024: एक्टर पवन सिंह निभाएंगे मां से किया वादा, बिहार की इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

Lok Sabha election 2024: भोजपुरी एक्टर-सिंगर पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पवन ने 10 अप्रैल, बुधवार को X पर लिखा- मां से किया वादा निभाऊंगा।

Updated On 2024-04-10 17:16:00 IST
पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान।

Lok Sabha election 2024: भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पावर स्टार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि वह बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। एनडीए और इंडी गठबंधन ने काराकाट सीट के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि पवन सिंह कारकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकेंगे।

एनडीए की तरफ से काराकाट लोकसभा सीट से उपेद्र कुशवाहा उम्मीदवार हैं। जबकि महागठबंधन की सीट शेयरिंग फार्मूले में यह सीट माले के खाते में गई है। माले ने इस सीट से राजाराम सिंह कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। अब, पवन सिंह के चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद काराकाट सीट का मुकाबला त्रिकोणिय बन गया है।

पवन सिंह ने क्यों किया चुनाव लड़ने का ऐलान?
पावर स्टार पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''माता गुरुतरा भूमेरू” अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी माँ से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट,बिहार से लड़ूंगा।''

BJP की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे पवन सिंह
पवन सिंह लंबे से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और माना जा रहा था कि भाजपा इस बार पवन सिंह पर भरोसा जताएगी। हालांकि, एक बार ऐसा हुआ भी जब पवन सिंह को बंगाल के आसनसोल सीट से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया। लेकिन पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद कहा जा रहा था कि भाजपा पवन सिंह को बिहार या उत्तर प्रदेश के किसी सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। लेकिन एक बार फिर ऐसा नहीं हुआ और बीजेपी की 10वी सूची में पवन सिंह का नाम नहीं आया।

भाजपा की 10वीं सूची से भी पवन सिंह का नाम गायब
आसनसोल से चुनाव न लड़ने के ऐलान के बाद कहा जा रहा था कि पवन सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया से बीजेपी उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं। लेकिन, भाजपा ने बलिया सीट से नीरज शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया। सभी तरफ से गेट बंद होते देख पवन सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया।

Similar News