सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती: PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की ली सलामी
देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
केवडिया, गुजरात। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता और समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इसके बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी ली, जिसमें इस बार कुछ बेहद खास देखने को मिला। पूरी परेड का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया। इस ऐतिहासिक परेड में BSF, CISF, ITBP, CRPF और अन्य सुरक्षा बलों की कुल 16 टुकड़ियां शामिल रहीं।
ये सरदार पटेल का भारत
मोदी ने कहा- ये सरदार पटेल का भारत है, जो अपनी सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करता। पूरी दुनिया जानती है कि आज अगर कोई भारत की तरफ आंख उठाकर देखता है, तो भारत पहले से ज्यादा मजबूती से जवाब देता है।
परेड के दौरान ऑपरेशन सिंदूर में वीरता दिखाने वाले BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी शामिल हुए। 100 सदस्यों की हेराल्डिंग टीम ने परेड का नेतृत्व किया, जबकि 9 बैंड टुकड़ियों और 4 स्कूल बैंड्स ने अपने प्रदर्शन से माहौल देशभक्ति से भर दिया।
कार्यक्रम की झलकियां गणतंत्र दिवस परेड की तरह थीं। इस बार 10 शानदार झांकियों ने सबका ध्यान खींचा इनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की झांकियां शामिल रहीं।
आकाश में वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने अपने फ्लाई पास्ट से रोमांच पैदा किया, वहीं NSG का हेल मार्च, CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग की राइफल ड्रिल, BSF का डॉग शो, और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो इस आयोजन की खास आकर्षण रहे।
15 दिन चलेगा भारत पर्व
एकता नगर में 1 से 15 नवंबर तक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के परिसर में भारत पर्व 2025 का आयोजन किया जाएगा। भारत पर्व के दौरान, भारत की समृद्ध विरासत और विविधता में एकता की भावना को प्रदर्शित करने वाले आयोजन होंगे। डैम व्यू पॉइंट 1 पर हर शाम दो राज्य अपनी सांस्कृतिक विशेषता से जुडे़ कार्यक्रम करेंगे।
PM मोदी ने कहा- आज, हमारे देश की एकता और आंतरिक सुरक्षा घुसपैठियों के कारण गंभीर खतरे का सामना कर रही है। दशकों से, विदेशी घुसपैठिए हमारे देश में घुस रहे हैं, इसके संसाधनों का दोहन कर रहे हैं और इसके जनसांख्यिकीय संतुलन को बिगाड़ रहे हैं।
मोदी ने आगे कहा- दुर्भाग्य से, पिछली सरकारों ने इस गंभीर समस्या की अनदेखी की और इस समस्या से आंखें मूंद लीं। पुरानी सरकारें वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालती रही। पहली बार, देश ने इस चुनौती का सीधा सामना करने और अपनी अखंडता की रक्षा के लिए एक दृढ़ और निर्णायक रुख अपनाया है।
PM ने कहा- मैंने लाल किले से जनसांख्यिकी मिशन की घोषणा की। लेकिन आज, जब हम इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रहे हैं, तो कुछ लोग अपने स्वार्थ को राष्ट्रीय हित से ऊपर रख रहे हैं। ये लोग घुसपैठियों के अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं।
PM बोले- पटेल मानते थे कि हमें इतिहास लिखने में नहीं, रचने के लिए मेहनत करनी चाहिए
PM मोदी ने कहा- सरदार पटेल का मानना था कि हमें इतिहास लिखने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए, बल्कि इतिहास रचने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उनकी जीवनी में यही भावना झलकती है। सरदार पटेल ने जो फैसले लिए, उन्होंने इतिहास रच दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा- पटेल ने आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को एक करने के असंभव से लगने वाले काम को संभव बनाया। एक भारत, एक श्रेष्ठ भारत का विचार उनके लिए सर्वोपरि था। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर इस एकता नगर में आज करोड़ों लोगों ने एकता की शपथ ली है।
मोदी ने आगे कहा- हमने संकल्प लिया है कि हम राष्ट्र की एकता को मजबूत करने वाले कार्यों को बढ़ावा देंगे। प्रत्येक नागरिक को ऐसे हर विचार या कार्य का त्याग करना चाहिए, जो हमारे राष्ट्र की एकता को कमजोर करता हो। यह हमारे देश के लिए समय की मांग है।
BSF के डॉग स्क्वॉड ने करतब दिखाए
#WATCH | Gujarat | BSF dog squad comprising indigenous dog breeds, Rampur Hounds and Mudhol Hounds, showcase their operational skills at the Rashtriya Ekta Diwas parade in Ekta Nagar. #SardarPatel150
— ANI (@ANI) October 31, 2025
All India Police Dog Competition winner, Mudhol Hound “Riya” is leading lead… pic.twitter.com/rYSQ1g4525
केवडिया: परेड में 10 राज्यों की झांकियां निकलीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अर्पित किए श्रद्धा सुमन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के सम्मान में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
केवडिया: पीएम मोदी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता की शपथ दिलाई।