आज का मौसम: दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के पार, मथुरा-आगरा में घुसा पानी, जानें देशभर में बारिश और बाढ़ की स्थिति

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, मथुरा-आगरा में घरों और कॉलोनियों में घुसा पानी। उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और गुजरात में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात। पढ़ें ताजा अपडेट।

Updated On 2025-09-06 10:48:00 IST

देश का मौसम: यूपी-बिहार से जम्मू-कश्मीर तक भारी बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

शनिवार को भी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राजधानी के मॉनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, निगम बोध घाट, वासुदेव घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट जैसे इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर में करीब 5 फीट पानी भर गया था।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यमुना का पानी घुस गया है। वहीं आगरा में ताजमहल की बाउंड्री तक पानी पहुंच गया है और पीछे बना पार्क पूरी तरह डूब चुका है। शुक्रवार की तेज बारिश से शहर की 50 से ज्यादा सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे गाड़ियां और बाइकें डूब गईं।

उत्तराखंड

लगातार खराब मौसम के चलते 1 से 5 सितंबर तक रुकी हुई चारधाम यात्रा शनिवार से फिर से शुरू हो गई है। सरकार ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है, लेकिन यात्रियों को मौसम के अलर्ट को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पंजाब

पंजाब के 23 जिलों के 1900 गांव करीब 12 दिनों से बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 3.84 लाख लोग प्रभावित और 43 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 1.72 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले 4 दिन तक बारिश का अलर्ट नहीं है।

जम्मू-कश्मीर

भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से जम्मू-श्रीनगर हाईवे और सिंथन रोड बंद हो गए हैं। करीब 3700 से ज्यादा वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। श्रीनगर और बडगाम में पानी भर गया है। माता वैष्णो देवी यात्रा भी 26 अगस्त से भूस्खलन के चलते लगातार 11वें दिन बंद है।

गुजरात

सूरत और वडोदरा जिलों में लगातार भारी बारिश से नर्मदा और किम नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है और प्रशासन ने लोगों को अलर्ट रहने को कहा है।

बिहार का मौसम

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 06 सितंबर को बिहार का मौसम ज्यादातर हिस्सों में शुष्क रहने वाला है। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है, जिससे उमस और गर्मी का एहसास बढ़ गया है। आसमान साफ नजर आ रहा है, हालांकि बीच-बीच में हल्के सफेद बादल तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, कुछ जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इन इलाकों के लोग बारिश के चलते आंशिक राहत महसूस कर सकते हैं, हालांकि नमी और उमस बनी रहने के आसार हैं।

राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। यहां दिन के समय तेज धूप और रात को हल्की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रह सकती हैं।

Tags:    

Similar News