गुजरात में बड़ा हादसा: वडोदरा में महिसागर का पुल भरभराकर टूटा, नदी में गिरे 5 वाहन; 13 की मौत

गुजरात में बुधवार (9 जुलाई) को महिसागर नदी (वडोदरा-आणंद) पर बना 45 साल पुराना गंभीरा ब्रिज टूट गया। 5 वाहन नदी में गिर गए। 13 की मौत हो गई।

Updated On 2025-07-09 23:39:00 IST

Gujarat Bridge collapsed

Gujarat Bridge collapsed: गुजरात में बुधवार (9 जुलाई) को बड़ा हादसा हो गया। वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला महिसागर नदी बना 45 साल पुराना गंभीरा ब्रिज भरभराकर टूट गया। हादसे में ब्रिज से गुजर रहे दो ट्रक, दो कार और रिक्शा सहित 5 वाहन नदी में गिरे। 13 लोगों की मौत हो गई। 8 को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर बचा लिया। रेस्क्यू टीमें देर शाम तक 13 शव बरामद कर चुकी है। 


मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख मुआवजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। PMNRF (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और घायलों को 50-50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

CM भूपेंद्र पटेल ने दिए जांच के आदेश 

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा-गंभीरा पुल के ढहने से हुई त्रासदी दुखद है। मैं दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं। मैंने वडोदरा कलेक्टर से बात की है। उन्हें घायलों के तत्काल उपचार और प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय नगरपालिका और वडोदरा नगर निगम की दमकल टीम नावों और तैराकों के साथ दुर्घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य में लगी हुई है। NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में शामिल हो गई है। सड़क निर्माण विभाग को इस दुर्घटना की तत्काल जांच करने के आदेश दिए गए हैं। 

टूटा संपर्क 
ब्रिज के टूटने से लोगों को परेशनी होगी। पुल भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड को सौराष्ट्र से जोड़ता था।अब दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा। अब इसके लिए अहमदाबाद होते हुए लंबा रास्ता लेना पड़ेगा।

जानिए कैसे हुआ हादसा
वडोदरा में महिसागर नदी पर मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ने वाला 45 साल पहले गंभीरा ब्रिज बना था। ब्रिज पर रोज की तरह वाहन चल रहे थे। बुधवार को ब्रिज अचानक भरभराकर ढह गया। एक के बाद एक कई गाड़ियां नदी में गिर गईं। अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे। पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। 

लोगों ने प्रशासन को बताया जिम्मेदार
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। लोगों का कहना था कि 45 साल पुराने इस पुल की मरम्मत के लिए प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है। प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण आज यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन ही जिम्मेदार है। 

बचाव अभियान जारी है 
आणंद SP गौरव जसानी ने कहा-आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा ढह गया है। तीन-चार वाहन नदी में गिर गए हैं, बचाव अभियान जारी है। 

Tags:    

Similar News