हिमाचल प्रदेश: बिलासपुर में दर्दनाक हादसा, बस पर मलबा गिरा,15 की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम झंडूता के पास भलू पुल के निकट हुए भयानक भूस्खलन में एक निजी बस मलबे में दब गई, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, कई के फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान जारी है।

Updated On 2025-10-07 21:31:00 IST

Bilaspur landslide Himachal Pradesh

Bilaspur landslide: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। झंडूता क्षेत्र के बरठीं के पास भलू पुल (बल्लू ब्रिज) के नजदीक अचानक हुए भूस्खलन में एक निजी बस मलबे की चपेट में आ गई, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

यह घटना शाम करीब 6:25 बजे हुई, जब बस मरोतन से घुमारवीं की ओर जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, लेकिन सटीक संख्या की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि कई यात्री अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों को जीवित निकाला गया, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।

राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। मौके पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात हैं।

प्रशासन ने बताया है कि राहत कार्य रातभर जारी रहेंगे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा जा रहा है।

घटनास्थल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जेसीबी मशीन को मलबा हटाते हुए देखा जा सकते है। दूसरी ओर स्थानीय लोग और बचाव दल फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में बस का क्षतिग्रस्त हिस्सा और मलबे में मिट्टी-पत्थरों का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस मरोतन-कलौल मार्ग पर चल रही थी।

पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मलबा हटाने का काम कर रही हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर जताया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुखद दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, "बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों को अपनी पूरी मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और पूरे बचाव अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं।"

इस घटना ने एक बार फिर हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की गंभीर समस्या को उजागर किया है। भारी बारिश और अस्थिर मौसम की वजह से यहां ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।

Tags:    

Similar News