Raw Mango Curry: कच्चे आम से बनाएं खटाई की सब्जी, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएं

अगर आपको भी कच्चा आम पसंद है और इस गर्मी कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो कच्चे आम से बनी खटाई की सब्ज़ी एक बेहतरीन विकल्प है। चलिए जानते हैं इसे बनाने की विधि के बारे में।

By :  Desk
Updated On 2025-05-30 17:49:00 IST

Raw Mango Curry: गर्मी के दिनों में कच्चे आम की बात ही अलग होती है। उसका खट्टा स्वाद दिल को ताज़गी दे जाता है। लेकिन अगर आप उस खट्टे आम को एक लाजवाब सब्ज़ी के रूप में चख लें, तो यकीन मानिए बार-बार खाने का मन करेगा। यह खास रेसिपी न केवल बनाने में आसान है, बल्कि रोटी, पराठा या यहां तक कि चावल के साथ भी गजब का स्वाद देती है। यह सब्ज़ी न सिर्फ आपके स्वाद को जगाएगी, बल्कि आपको उन सुनहरी यादों में भी ले जाएगी जहाँ खाना सिर्फ खाना नहीं, एक प्यार भरी कहानी हुआ करता था। तो आइए, बनाते हैं कच्चे आम से बनी खटाई की सब्ज़ी बनाने की विधि के बारे में।

सामग्री-

2 कच्चे आम

2 चम्मच सरसों का तेल

1/2 चम्मच मेथी दाना

1 चुटकी हींग

1 चम्मच सौंफ

1/2 चम्मच हल्दी पाउडर

1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

नमक स्वादानुसार

गुड़ स्वादानुसार

1/2 चम्मच राई

बनाने की विधि-

1. सबसे पहले आम को धोकर छील लें। इसके बाद उसके छोटे-छोटे टुकड़े काट लें और बीज अलग कर दें।
2. अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें।
3. जब तेल गर्म हो जाए, तो सबसे पहले राई डालें और फिर मेथी दाना, सौंफ और हींग डालकर तड़का लगाएं।
4. अब हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें।
5. मसालों को जलने न दें, तुरंत थोड़ा सा पानी डाल दें।
6. अब कटे हुए आम डालें और 3-4 मिनट तक चलाते हुए भूनें। इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक और गुड़ डालें।
7. फिर एक कप पानी डालकर ढक दें।
8. अब इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक आम पूरी तरह गल न जाए और मसाला गाढ़ा न हो जाए।
9. जब खटाई और मीठास का संतुलन सही लगे और तेल ऊपर तैरता दिखे, तो गैस बंद कर दें।
10. आप इसे गरमागरम रोटी या पराठे के साथ खाइए और आप चाहें तो इसे ठंडा करके फ्रिज में 2 से 3 दिन तक भी रख सकते हैं।

खास टिप्स-

अगर ज्यादा तीखा पसंद हो, तो हरी मिर्च का तड़का भी दे सकते हैं। गुड़ की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा करें। आप चाहें तो इसे ड्राई स्टाइल में भी बना सकते हैं, बस पानी कम डालें।

Similar News