Vegetable Masala Noodles: वेजिटेबल मसाला नूडल्स देखकर बच्चों के खिलेंगे चेहरे, जानें बनाने का तरीका

Vegetable Masala Noodles: वेजिटेबल मसाला नूडल्स एक टेस्टी स्नैक्स डिश है। इसे घऱ पर आसानी से बनाकर बच्चों को परोसा जा सकता है।

Updated On 2026-01-30 13:50:00 IST

वेजिटेबल मसाला नूडल्स बनाने का तरीका।

Vegetable Masala Noodles: भागदौड़ भरी जिंदगी में जब कुछ झटपट, टेस्टी और पेट भरने वाला खाने का मन हो, तो नूडल्स सबसे पहला ऑप्शन बन जाते हैं। लेकिन रोज-रोज सादे नूडल्स खाने से बोरियत भी होने लगती है। ऐसे में अगर वही नूडल्स ढेर सारी सब्जियों और देसी मसालों के साथ बनाए जाएं, तो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखा जा सकता है।

वेजिटेबल मसाला नूडल्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आते हैं। यह डिश नाश्ते, लंच या शाम के स्नैक हर वक्त परफेक्ट रहती है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर में मौजूद सब्जियों से ही यह रेसिपी तैयार हो जाती है।

वेजिटेबल मसाला नूडल्स बनाने की सामग्री

  • इंस्टेंट नूडल्स - 1 पैकेट
  • प्याज - 1 (पतला कटा हुआ)
  • शिमला मिर्च - आधा कप (कटी हुई)
  • गाजर - आधा कप (पतली कटी)
  • पत्ता गोभी - आधा कप (कटी हुई)
  • टमाटर - 1 (बारीक कटा)
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी)
  • अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 टीस्पून
  • नूडल्स मसाला - 1 पैकेट
  • लाल मिर्च पाउडर - आधा टीस्पून
  • गरम मसाला - एक चुटकी
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल - 1-2 टेबलस्पून
  • हरा धनिया - सजाने के लिए

वेजिटेबल मसाला नूडल्स बनाने का तरीका

वेजिटेबल मसाला नूडल्स बनाना बहुत सरल है। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में पानी उबालें। पानी में नूडल्स डालकर 2-3 मिनट तक उबाल लें। नूडल्स ज्यादा न गलें, इसका ध्यान रखें। उबालने के बाद पानी छानकर नूडल्स को अलग रख दें।

अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें। खुशबू आने लगे तो गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डालकर तेज आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें, ताकि सब्जियां हल्की क्रंची बनी रहें।

अब कड़ाही में कटे हुए टमाटर डालें और हल्का नरम होने दें। इसके बाद नूडल्स मसाला, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं। मसाले भुन जाएं, तब तक धीमी आंच पर पकाएं।

अब उबले हुए नूडल्स कड़ाही में डालें और सब्जियों व मसालों के साथ अच्छी तरह टॉस करें। जरूरत लगे तो 2-3 चम्मच पानी डाल सकते हैं, ताकि नूडल्स सूखे न रहें। 1-2 मिनट तक पकाकर गैस बंद कर दें।

गरमागरम वेजिटेबल मसाला नूडल्स को ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं। चाहें तो साथ में टोमैटो सॉस या चिली सॉस भी परोस सकते हैं। यह डिश बच्चों के टिफिन और ऑफिस लंच के लिए भी बेहतरीन है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News