Mango Fruit Custard: मीठे के शौकीन हैं तो झटपट बना लें मैंगो फ्रूट कस्टर्ड, बच्चों को खूब आएगा पसंद
Mango Fruit Custard: मैंगो फ्रूट कस्टर्ड टेस्टी स्वीट डिश होने के साथ हेल्दी भी है। आइए जानते हैं इस डिश को बनाने का तरीका।
मैंगो फ्रूट कस्टर्ड बनाने की विधि।
Mango Fruit Custard: आप अगर मीठे में कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो दिखने में रंगीन, स्वाद में बेहतरीन और सेहत से भी भरपूर हो, तो मैंगो फ्रूट कस्टर्ड एक शानदार विकल्प है। यह रेसिपी न सिर्फ बच्चों को पसंद आती है, बल्कि बड़ों को भी बेहद लुभाती है। कस्टर्ड की क्रीमी टेक्सचर में जब आम और ताजे फलों की मिठास मिलती है, तो स्वाद एक अलग ही लेवल पर पहुंच जाता है।
मैंगो फ्रूट कस्टर्ड उन डेज़र्ट्स में से है जिसे आप पार्टी, फैमिली डिनर या किसी भी खास मौके पर बड़ी आसानी से बना सकते हैं। इसकी तैयारी झटपट होती है और इसे पहले से बनाकर फ्रिज में रखा भी जा सकता है। आइए जानें इसे बनाने की आसान विधि और टिप्स।
मैंगो फ्रूट कस्टर्ड के लिए सामग्री
दूध – 1 लीटर
कस्टर्ड पाउडर (वेनिला या मैंगो फ्लेवर) – 3-4 टेबलस्पून
शक्कर – 4-5 टेबलस्पून (स्वाद अनुसार)
पके आम – 2 (कटा हुआ और पल्प अलग)
कटे हुए फल – 1 कप (सेब, केला, अंगूर, पपीता आदि)
काजू, बादाम, पिस्ता – सजावट के लिए
बर्फ या फ्रिज का ठंडा पानी – सर्व करने के लिए
मैंगो फ्रूट कस्टर्ड बनाने का तरीका
कस्टर्ड बनाएं
सबसे पहले एक कप ठंडे दूध में कस्टर्ड पाउडर मिलाकर गुठलियां खत्म होने तक अच्छे से घोल लें। बाकी दूध को एक भारी तले वाले पैन में उबालें। जब दूध उबलने लगे, तब उसमें धीरे-धीरे कस्टर्ड पाउडर वाला घोल डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठ न पड़े।
अब इसमें शक्कर डालें और मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं, जब तक मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। गैस बंद कर दें और कस्टर्ड को ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
मैंगो पल्प और फल मिलाना
अब एक कटोरी में आम का पल्प लें और उसमें थोड़ा ठंडा कस्टर्ड मिलाएं। इससे कस्टर्ड को फ्रूटी स्वाद मिलेगा। बचे हुए कटे हुए आम और दूसरे फल जैसे सेब, केला, पपीता आदि को हल्के हाथों से कस्टर्ड में मिलाएं। जरूरत हो तो थोड़ी बर्फ डाल सकते हैं या फिर इसे अच्छे से फ्रिज में ठंडा करें।
सर्व करने का तरीका
मैंगो फ्रूट कस्टर्ड को सर्व करने से पहले ऊपर से कुछ ड्रायफ्रूट्स और कटे आम से सजाएं। चाहें तो चॉकलेट सिरप या टुटी-फ्रूटी से भी टच दे सकते हैं।
(कीर्ति)