How to make Kajal: घरेलू नुस्खे से तैयार करें नेचुरल काजल, खूबसूरती बढ़ाने के साथ आंखों की सेहत दुरुस्त रखेगा!
How to make Kajal: ज्यादातर लोग मार्केट का बना काजल इस्तेमाल करते हैं। हालांकि आप चाहें तो घर पर की काजल तैयार कर सकते हैं।
घर पर काजल बनाने का तरीका।
How to make Kajal: आजकल बाजार में मिलने वाले काजल में केमिकल और प्रिज़र्वेटिव्स की मात्रा इतनी ज्यादा होती है कि यह आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है। आंखों में जलन, पानी आना या एलर्जी जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में अगर आप चाहें तो काजल घर पर ही आसानी से बना सकते हैं, वो भी बिना किसी झंझट के।
घर पर बना काजल पूरी तरह नैचुरल होता है और इसमें किसी तरह का केमिकल नहीं होता। यही वजह है कि यह आंखों के लिए सुरक्षित माना जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में न ज्यादा समय लगता है और न ही महंगी चीजों की जरूरत पड़ती है।
घर पर काजल कैसे बनाएं?
सामग्री
- एक मिट्टी का दीया
- शुद्ध गाय का घी या बादाम का तेल
- एक छोटी स्टील या तांबे की प्लेट
- माचिस
- एक साफ डिब्बी (स्टोरेज के लिए)
काजल बनाने की विधि
सबसे पहले मिट्टी के दीये में रूई की बत्ती डालें और उसमें शुद्ध घी या बादाम का तेल भर दें। अब दीये को जला लें। जलते दीये के ऊपर स्टील या तांबे की प्लेट को उल्टा पकड़कर रखें, ताकि धुएं से निकलने वाली कालिख प्लेट पर जमती जाए। कुछ देर में प्लेट पर अच्छी मात्रा में काजल जमा हो जाएगा।
जब प्लेट पर काजल इकट्ठा हो जाए, तो उसे किसी साफ चम्मच या उंगली की मदद से निकाल लें। अब इसमें 1-2 बूंद शुद्ध घी या बादाम का तेल मिलाएं और अच्छी तरह मिक्स करें। इससे काजल मुलायम बनता है और आंखों में लगाने पर फैलता नहीं है।
घर के बने काजल के फायदे
घरेलू काजल आंखों को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है। इसमें मौजूद घी या बादाम का तेल पलकों को पोषण देता है और आंखों की थकान कम करता है। बच्चों और बड़ों दोनों के लिए यह काजल सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि इसमें किसी भी तरह का आर्टिफिशियल कलर या केमिकल नहीं होता।
इस्तेमाल और स्टोरेज का सही तरीका
काजल लगाने से पहले हाथ अच्छी तरह साफ कर लें। काजल को हमेशा एयरटाइट डिब्बी में रखें और गंदे हाथों से छूने से बचें। सही तरीके से रखने पर यह काजल 2-3 महीने तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।