Cornflakes Mixture: चाय के साथ परोसें कुरकुरा कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर, टेस्टी स्नैक सब करेंगे पसंद

Cornflakes Mixture: कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर एक टेस्टी और हेल्दी स्नैक है जिसे शाम की चाय के साथ सर्व किया जा सकता है। जानते हैं इसकी रेसिपी।

Updated On 2026-02-06 14:34:00 IST

कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर बनाने का तरीका।

Cornflakes Mixture: अगर शाम की चाय के साथ कुछ हल्का, कुरकुरा और झटपट बनने वाला स्नैक चाहिए, तो कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर एक बेहतरीन ऑप्शन है। यह न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होता है, बल्कि इसे आप घर में मौजूद सामान्य चीजों से ही आसानी से तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इसका चटपटा स्वाद पसंद आता है।

कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है। हल्की भूख हो या अचानक मेहमान आ जाएं, यह कुरकुरा नमकीन हर मौके पर काम आता है। आइए जानते हैं घर पर कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर बनाने की आसान विधि।

कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर बनाने के लिए सामग्री

  • 3 कप सादा कॉर्न फ्लेक्स
  • 1/2 कप मूंगफली
  • 1/2 कप चना दाल
  • 10-12 करी पत्ता
  • 1 टीस्पून सरसों के दाने
  • 1 टीस्पून सौंफ
  • 1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
  • 1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 टीस्पून अमचूर पाउडर
  • 1 टीस्पून चीनी (वैकल्पिक)
  • 2 टेबलस्पून तेल

कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर बनाने का तरीका

कॉर्न फ्लेक्स को कुरकुरा कैसे करें

सबसे पहले एक कढ़ाही में 1 टेबलस्पून तेल गरम करें। अब इसमें कॉर्न फ्लेक्स डालकर धीमी आंच पर हल्का-सा सेक लें। ध्यान रखें कि कॉर्न फ्लेक्स टूटें नहीं, बस हल्के कुरकुरे हो जाएं। इन्हें निकालकर अलग बर्तन में रख दें।

मूंगफली और चना दाल तलने की विधि

अब उसी कढ़ाही में थोड़ा तेल डालें और पहले चना दाल को सुनहरा होने तक तल लें। इसके बाद मूंगफली डालकर अच्छी तरह कुरकुरी होने तक भूनें। दोनों चीजों को तेल से निकालकर अलग रख दें।

मसाले डालने का सही तरीका

कढ़ाही में बचा हुआ तेल गरम करें। इसमें सरसों के दाने डालें, जब वे चटकने लगें तो करी पत्ता और सौंफ डालें। अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर डालकर आंच धीमी कर दें, ताकि मसाले जलें नहीं।

मिक्सचर तैयार करने की विधि

अब इसमें तले हुए कॉर्न फ्लेक्स, मूंगफली और चना दाल डालें। ऊपर से नमक, अमचूर पाउडर और चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। 1-2 मिनट तक हल्की आंच पर चलाएं, ताकि मसाले अच्छे से कोट हो जाएं। गैस बंद कर दें और मिक्सचर को ठंडा होने दें।

स्टोर और परोसने के टिप्स

ठंडा होने के बाद कॉर्न फ्लेक्स मिक्सचर को एयरटाइट कंटेनर में रखें। यह 10-12 दिन तक कुरकुरा बना रहता है। इसे चाय, कॉफी या बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News