Jani Master: 'स्त्री 2' कोरियोग्राफर जानी मास्टर से क्यों छीना गया नेशनल अवॉर्ड? फंक्शन में आने पर भी लगी रोक, ये हैं आरोप

Jani Master: साउथ इंडस्ट्री के मशहूर कोरियोग्राफर जानी मास्टर को भारत सरकार से राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने वाला था और इसके लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन अब उनका ये अवॉर्ड रद्द हो गया है। क्या है वजह, जानिए।

Updated On 2024-10-07 12:14:00 IST
Choreographer Jani Master

Jani Master National Award: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक कई बड़े सितारों को अपनी उंगलियों पर नचाने वाले मशहूर डांस कोरियोग्राफर जानी मास्टर उर्फ शेख जानी बाशा पर यौन शोषण व उत्पीड़न के आरोप हैं जिसके चलते वह सलाखों के पीछे हैं। उन्हें ‘थिरुचित्राम्बलम’ के गाने मेघम करुक्कथा के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी कैटेगरी में भारत सरकार से राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने वाला था, लेकिन अब शोषण के आरोप की वजह से उनका अवॉर्ड वापस ले लिया गया है। अब उन्हें ये अवॉर्ड नहीं दिया जाएगा।

अवॉर्ड सेरेमनी में भी नहीं होंगे शामिल
भारत सरकार की सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सेल ने एक बयान में बताया है कि जानी मास्टर पर लगे आरोपों की गंभीरता को देखते हुए और मामले के कोर्ट में होने की वजह से उनका 2022 के लिए नेशनल अवॉर्ड निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा जानी मास्टर को 8 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सेरेमनी में आमंत्रित किया गया था, लेकिन अब ये इन्विटेशन भी वापस ले लिया गया है। बता दें, उन्हें अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल होने के लिए 6 से 10 अक्टूर तक की अंतरिम जमानत दे दी गई थी।

जानी मास्टर पर क्या हैं आरोप
21 वर्षीय असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने आरोप लगाया है कि उसे काम दिलाने के बहाने जानी मास्टर ने उसके साथ संबंध बनाने को कहा था। जब वह 16 साल की थी, तब से जानी मास्टर ने चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के दौरान उसका यौन शोषण किया। इसके अलावा पीड़िता के हैदराबाद स्थित घर पर भी उसके साथ कई बार सेक्शुअल एब्यूज किया और मारपीट की। महिला के ये भी आरोप हैं कि फोटोशूट और रिहर्सल के दौरान जानी मास्टर उन्हें मानसिक तौर पर प्रताड़ित करता था व पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उससे शादी करने का दबाव बनाता था।

कई फिल्मों में कर चुके काम
जानी मास्टर साउथ मशहूर कोरियोग्राफर हैं। उन्होंने 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘स्त्री 2’ का गाना ‘आई नहीं’ कोरियोग्राफ किया है। इसके अलावा ‘किसी का भाई किसी की जान’, ‘राधे’, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ और ‘खेल खेल में’ जैसी हिंदी फिल्मों में भी बतौर कोरियोग्राफर काम कर चुके हैं। उन्होंने साउथ इंडस्ट्री में फिल्म पुष्पा का गाना श्रीवल्ली भी कोरियोग्राफ किया है। वह राम चरण, जूनियर एनटीआर, चिरंजीवी, धनुष और पवन कल्याण समेत कई बड़े सेलेब्स के साथ काम कर चुके हें।

Similar News