लॉरेंस गैंग का शार्प शूटर सुक्खा गिरफ्तार: हुलिया बदलकर होटल में छिपा था; सलमान खान के फार्म हाउस-घर की थी रेकी

Salman Khan Farmhouse Case: पुलिस ने हरियाणा के पानीपत से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य सुक्खा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की साजिश में उनके फार्म हाउस की रेकी की थी।

Updated On 2024-10-17 12:24:00 IST
सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है।

Salman Khan Farmhouse Case: अभिनेता सलमान खान हत्या की साजिश रचने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर सुक्खा को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा और मुंबई पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर आरोपी को हरियाणा के पानीपत से धर दबोचा। वह पानीपत के एक होटल में अपना हुलिया बदलकर छिपा हुआ था। उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए दाढ़ी और बाल बढ़ाए हुए थे।

होटल में छिपा था आरोपी
नवी मुंबई पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुक्खा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वह उन आरोपियों में शामिल है, जिन्होंने नवी मुंबई के पनवेल में स्थित सलमान खान के फार्महाउस की रेकी की थी और अभिनेता के फार्महाउस पर हमले की साजिश में मुख्य आरोपी थे। सुक्खा को गुरुवार को नवी मुंबई लाया जा जाएगा। इससे पहले सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुंबई पुलिस ने दावा किया था कि सलमान खान को, उनके फार्म हाउस जाने के रास्ते में हत्या का निशाना बनाया जाने वाला था। फार्म हाउस में सलमान की हत्या की साजिश रचने के मामले में सुक्खा मुख्य आरोपी माना जा रहा है। इस साजिश से पहले अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट, के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी जिसमें पुलिस ने अभी तक 6 आरोपियों को गिरफ्तारी की है।

आरोपी सुक्खा की गिरफ्तारी उस वक्त हुई है जब मुंबई पुलिस एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जांच कर रही है। इसकी कड़ी सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले और लॉरेंस गैंग द्वारा मिली धमकियों से जुड़ी है। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूर को मुंबई में हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर बिश्नोई गैंग ने ली है। वहीं 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है।

 


 

Similar News