नेहा भसीन का बड़ा खुलासा: 20 साल की उम्र में आत्महत्या की कोशिश, वजह जान रह जाएंगे हैरान
हाल ही में पॉप सिंगर नेहा भसीन ने खुलासा किया कि 20 साल की उम्र में उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था। आइए जानते हैं नेहा ने क्या कुछ कहा।
Neha Bhasin: ‘जग घुमेया’, ‘कुछ खास’, और ‘धुनकी’ जैसे सुपरहिट गानों के लिए जानी जाने वाली गायिका नेहा भसीन ने हाल ही में एक बेहद भावुक खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान नेहा ने बताया कि 20 साल की उम्र में उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। आइए जानते हैं उन्होंने और क्या कुछ कहा।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान नेहा ने बताया कि साल 2003 में वीवा पॉप ग्रुप का हिस्सा रहते हुए उन्हें बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा था। एक टीवी चैनल ने एक मीटिंग में उनका वीडियो प्रोजेक्ट किया और उनके पेट को ज़ूम करके कहा, “देखो, तुम बहुत मोटी हो। इसलिए हम यह वीडियो रिलीज़ नहीं कर सकते।”
नेहा ने आगे कहा, "उस वक्त मेरा वज़न सिर्फ़ 50 किलो था। मैं घर गई और गुस्से में, फैट बर्नर की आधी से ज़्यादा बोतल पी ली। यह आत्महत्या का प्रयास था। दो दिन तक मैं उल्टी करती रही। किसी को पता भी नहीं चला।”
नेहा ने यह भी बताया कि उन्हें साल 2003 में फैट बर्नर दिए गए, जिसके असर और खतरे से वह पूरी तरह अनजान थीं। यह सब उस दौर में हुआ जब उन्होंने करियर की शुरुआत की ही थी और वह वीवा जैसे चर्चित गर्ल बैंड का हिस्सा बनी थीं।
नेहा भसीन अब अपने स्वास्थ्य संघर्षों के बारे में खुलकर बोलती हैं। साल 2024 में, उन्होंने PMDD (Premenstrual Dysphoric Disorder) जैसी गंभीर मानसिक स्थिति का ज़िक्र किया, जिससे वह किशोरावस्था से जूझ रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि साल 2022 में उन्हें कम प्रोजेस्टेरोन की समस्या हुई, जिसके चलते हर महीने के करीब 15 दिन तक काम करना मुश्किल हो जाता था।
नेहा भसीन का करियर और पहचान
बता दें कि नेहा ने अपना करियर साल 2002 में वीवा पॉप ग्रुप से शुरू किया, जो भारत का पहला ऑल-गर्ल पॉप बैंड था। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड, टॉलीवुड और इंडी म्यूज़िक में खुद को स्थापित किया। उनकी आवाज़ ने ‘जग घुमेया’ (सुल्तान), ‘कुछ खास’ (फैशन) और ‘धुनकी’ (मेरे ब्रदर की दुल्हन) जैसे गानों को नई पहचान दी।
नेहा ने हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और पंजाबी फिल्मों में भी गाना गाया है। बता दें कि नेहा अपने बोल्ड लुक, स्ट्रॉन्ग पर्सनैलिटी और ओपन माइंडेड एटीट्यूड के लिए भी जानी जाती हैं। इसके अलावा नेहा Bigg Boss OTT और Bigg Boss 15 में भी नज़र आ चुकी हैं।
काजल सोम