Stock Market: India-EU ट्रेड डील से बाजार में जोश, सेंसेक्स 500 अंक चढ़ा; निफ्टी 25350 के करीब बंद
Stock Market: भारत-EU फ्री ट्रेड डील से बाजार में जबरदस्त उत्साह, सेंसेक्स 487 अंक चढ़ा। निफ्टी 25,350 के करीब बंद हुआ है। ग्लोबल बाजारों की मजबूती और इंडिया VIX में गिरावट से बढ़ा निवेशकों का भरोसा।
Stock Market sensex nifty: भारत-ईयू ट्रेड डील का शेयर बाजार पर बड़ा असर पड़ा।
Stock Market today: शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। भारत-यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और मजबूत ग्लोबल संकेतों ने भी बाजार को सहारा दिया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 487.20 अंक यानी 0.6% की बढ़त के साथ 82344.68 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 167.35 अंक चढ़कर 25342.75 पर पहुंच गया।
दिन की शुरुआत से ही बाजार में खरीदारी का माहौल रहा। हैवीवेट शेयरों में लिवाली से इंडेक्स मजबूती से टिके रहे। निफ्टी-50 में ओएनजीसी, कोल इंडिया और एक्सिस बैंक टॉप गेनर्स रहे, जिनमें 6% तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर एशियन पेंट्स और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में बिकवाली देखने को मिली और ये शेयर 6% तक टूट गए।
बाजार में तेजी की बड़ी वजहें
भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट: भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक फ्री ट्रेड समझौते को बाजार के लिए बड़ा पॉजिटिव माना जा रहा है। इसे 'मदर ऑफ ऑल डील्स' कहा जा रहा। इस समझौते से करीब दो अरब लोगों का साझा बाजार तैयार होगा। इसके तहत भारत के 99% निर्यात पर EU में टैरिफ घटेंगे जबकि EU के 97% से ज्यादा निर्यात पर भारत में ड्यूटी कम की जाएगी। माना जा रहा है कि यह समझौता वैश्विक GDP के लगभग एक-चौथाई हिस्से को कवर करेगा। इसी उम्मीद ने निवेशकों में जोश भर दिया।
मजबूत ग्लोबल संकेत: एशियाई बाजारों से भी पॉजिटिव संकेत मिले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला।
इंडिया VIX में गिरावट: बाजार की घबराहट को दर्शाने वाला इंडिया VIX 2% से ज्यादा गिरकर 14.13 पर आ गया। VIX में गिरावट का मतलब है कि निवेशकों की चिंता कम हो रही है और बाजार में स्थिरता बढ़ रही है।
कुल मिलाकर, भारत-EU डील से बनी सकारात्मक धारणा और ग्लोबल सपोर्ट ने बाजार को नई ऊंचाई की ओर धकेला। आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर इसी समझौते से जुड़े सेक्टर्स पर बनी रहेगी।
(प्रियंका कुमारी)