शेयर बाजार ने बनाया नया इतिहास: निफ्टी रिकॉर्ड हाई पर बंद, सेंसेक्स 550 अंक से अधिक चढ़ा, तेजी के 5 बड़े कारण

Stock Market closing: शुक्रवार को निफ्टी और सेंसेक्स रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए हैं। ग्लोबल संकेत, घरेलू निवेशकों की खरीदारी और ऑटो शेयरों की तेजी ने बाजार को सहारा दिया।

Updated On 2026-01-02 16:34:00 IST

Stock Market closing today: शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में तूफानी तेजी रही। 

Stock Market closing: भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को नया कीर्तिमान रच दिया। मजबूत ग्लोबल संकेतों और बड़े शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए। निवेशकों की धारणा मजबूत रही और लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी 182 अंक यानी 0.7 फीसदी की तेजी के साथ 26328.55 के नए ऑल-टाइम हाई पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 573.41 अंक या 0.67% चढ़कर 85762.01 के स्तर पर पहुंच गया।

निफ्टी 50 में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर रहे, जिनमें करीब 2% तक की तेजी आई। दूसरी ओर, आईटीसी और बजाज ऑटो में बिकवाली दिखी और ये शेयर 4% तक टूटे। मार्केट ब्रेड्थ भी मजबूत रही। 2183 शेयरों में तेजी, 1204 में गिरावट और 165 शेयर बिना बदलाव के बंद हुए।

बाजार में तेजी के बड़े कारण क्या रहे, आइए जानते हैं। 

मजबूत ग्लोबल संकेत

एशियाई बाजारों में भी माहौल सकारात्मक रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी फ्यूचर्स भी 0.7% तक ऊपर थे, जिससे वॉल स्ट्रीट की अच्छी शुरुआत के संकेत मिले।

बड़े शेयरों में खरीदारी

लार्ज-कैप शेयरों में लगातार खरीदारी दिखी। रिलायंस इंडस्ट्रीज लगातार दूसरे दिन करीब 1% चढ़ा। ऑटो कंपनियों के मासिक बिक्री आंकड़े और अन्य सेक्टरों के बिजनेस अपडेट्स से दिसंबर तिमाही के नतीजे बेहतर रहने की उम्मीद बढ़ी है।

DIIs का मजबूत सपोर्ट

घरेलू संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। जानकारों का कहना है कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बावजूद घरेलू पैसा बाजार को संभाले हुए है।

रुपये में मजबूती

डॉलर के मुकाबले रुपया 6 पैसे मजबूत होकर 89.92 पर पहुंच गया। फॉरेक्स ट्रेडर्स के मुताबिक RBI 90 के स्तर को बचाए हुए है, जिससे रुपये को सपोर्ट मिल रहा है।

ऑटो शेयरों में उछाल

ऑटो कंपनियों के दिसंबर बिक्री आंकड़े आने के बाद इस सेक्टर में तेजी जारी रही। निफ्टी ऑटो इंडेक्स करीब 1% चढ़ा और यह इसकी लगातार चौथी बढ़त रही। मार्केट एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि अच्छे तिमाही नतीजे, सुधारों पर RBI का फोकस, सरकार की नई पहल और अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील आने वाले समय में बाजार को और मजबूती दे सकते हैं।

(प्रियंका कुमारी)

Tags:    

Similar News