बजट डे पर 2% गिरा शेयर बाजार: सेंसेक्स 1500 अंक टूटा, निफ्टी में भी 500 अंक की गिरावट
Budget 2026 Day closing: बजट डे पर STT बढ़ाने के ऐलान से बाजार में भारी बिकवाली आई। सेंसेक्स करीब 1500 अंक टूट गया और निफ्टी में भी 495 अंक की गिरावट आई। सभी सेक्टोरेल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
Stock Market Closing
Budget 2026 Day closing: केंद्रीय बजट 2026 के दिन शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती तेजी के बाद मुनाफावसूली और डेरिवेटिव्स पर टैक्स बढ़ाने के ऐलान से निवेशकों का मूड बिगड़ गया। नतीजा यह रहा कि सेंसेक्स करीब 2 फीसदी तक टूट गया और निफ्टी अहम सपोर्ट के नीचे फिसल गया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण से पहले बाजार मजबूत दिख रहा था। सुबह 11 बजे से पहले सेंसेक्स 457 अंक चढ़कर 82726.65 तक पहुंच गया था जबकि निफ्टी 120 अंक की तेजी के साथ 25440.90 पर कारोबार कर रहा था लेकिन दोपहर बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
करीब 3:20 बजे सेंसेक्स 1836 अंक टूट गया था हालांकि, बाद में करीब 300 अंक की रिकवरी हुई और सेंसेक्स 80722.94 पर बंद हुआ, जो 1.88 फीसदी की गिरावट है। वहीं निफ्टी 495 अंक गिरकर 24825.45 पर आ गया। दिन के दौरान सेंसेक्स 2370 अंक तक टूटकर 80000 के नीचे 79899.42 तक पहुंच गया था। निफ्टी भी 748 अंक लुढ़ककर 24571.75 के निचले स्तर तक फिसल गया था।
क्यों बाजार में भारी गिरावट आई?
सबसे बड़ी वजह डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स बढ़ाने का ऐलान रहा। वित्त मंत्री ने फ्यूचर्स पर एसटीटी को 0.02 फीसदी से बढ़ाकर 0.05 फीसदी करने की घोषणा की। ऑप्शंस प्रीमियम और एक्सरसाइज पर भी एसटीटी बढ़ाया गया। इससे फ्यूचर और ऑप्शंस सेगमेंट में एक्टिव निवेशकों में बेचैनी बढ़ी।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, STT बढ़ने से शॉर्ट टर्म और डेरिवेटिव आधारित विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी कम हो सकती। वैसे भी जनवरी 2026 में विदेशी निवेशक 41000 करोड़ रुपये से ज्यादा की निकासी कर चुके हैं।
दूसरी वजह इंडिया विक्स में तेज उछाल रही। वोलैटिलिटी इंडेक्स 17 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 15.66 पर पहुंच गया, जो बाजार में डर और अनिश्चितता का संकेत है।
तीसरा बड़ा दबाव सार्वजनिक बैंक शेयरों से आया। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा टूट गए। बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर 7 और 6 फीसदी गिरे। सभी 12 पीएसयू बैंक शेयर लाल निशान में बंद हुए। हालांकि, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के आनंद जेम्स का कहना है कि निफ्टी ने अभी अहम सपोर्ट लेवल को थाम रखा है। आगे बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
(प्रियंका कुमारी)