Gold-Silver Price: ऑल-टाइम हाई के बाद चांदी धड़ाम, एक ही दिन में ₹15,000 टूटी कीमत; सोना भी ₹2,728 हुआ सस्ता
रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद सोना-चांदी की कीमतों में आज 22 जनवरी को तेज गिरावट दर्ज की गई। एक ही दिन में चांदी ₹15,000 प्रति किलो सस्ती हुई, जबकि सोना भी ₹2,728 टूट गया। जानें आज के ताजा भाव ।
ऑल-टाइम हाई के बाद चांदी धड़ाम, एक ही दिन में ₹15,000 टूटी कीमत; सोना भी ₹2,728 हुआ सस्ता।
Gold-Silver Price Today (22 Jan 2026): कीमती धातुओं के बाजार में गुरुवार, 22 जनवरी को बड़ी गिरावट देखने को मिली। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, चांदी की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिससे चांदी एक ही दिन में लगभग ₹15,000 प्रति किलो सस्ती हो गई।
आज चांदी की शुरुआत ₹3,03,584 प्रति किलो पर हुई, जबकि इससे एक दिन पहले यह ₹3,19,097 प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को कारोबार के दौरान चांदी ने ₹3,20,075 प्रति किलो का ऑल-टाइम हाई भी छुआ था। रिकॉर्ड ऊंचाई के तुरंत बाद आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है।
सोने की कीमतों में भी गिरावट
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली। सोना आज ₹2,728 की गिरावट के साथ ₹1,51,499 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले सोने ने ₹1,55,204 प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर बनाया था और बुधवार को यह ₹1,54,277 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट गोल्ड के ताजा रेट
शहर | कीमत रुपए प्रति 10 ग्राम |
दिल्ली | ₹1,54,460 |
जयपुर | ₹1,54,460 |
लखनऊ | ₹1,54,460 |
पटना | ₹1,54,360 |
अहमदाबाद | ₹1,54,360 |
भोपाल | ₹1,54,360 |
मुंबई | ₹1,54,310 |
कोलकाता | ₹1,54,310 |
रायपुर | ₹1,54,310 |
सोना-चांदी सस्ते होने की 3 बड़ी वजहें
1, मुनाफावसूली का दबाव- हाल के दिनों में आई तेज तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे दोनों धातुओं की कीमतों पर दबाव बना।
2. शेयर बाजार में मजबूती- इक्विटी बाजारों में सुधार आने से सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की मांग घटी, जिसका असर कीमतों पर पड़ा।
3. जियो-पॉलिटिकल तनाव में कमी- वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक हालात में नरमी आने से सेफ-हेवन एसेट्स की चमक फीकी पड़ी और सोना-चांदी सस्ते हुए।
निवेशकों की नजर आगे के रुझान पर
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों, डॉलर की चाल और शेयर बाजार की स्थिति के आधार पर सोना-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
सोने-चांदी में निवेश के 2 प्रमुख तरीके
1. फिजिकल गोल्ड और सिल्वर- इस तरीके में निवेशक सोने-चांदी को सिक्के, बार या आभूषण के रूप में खरीदते हैं। यह पारंपरिक निवेश विकल्प है, जिसमें धातु भौतिक रूप में अपने पास रहती है। हालांकि, इसमें शुद्धता की जांच और सुरक्षित भंडारण की जिम्मेदारी निवेशक की होती है।
2. गोल्ड और सिल्वर ETF- गोल्ड-सिल्वर ETF के जरिए निवेश शेयर बाजार के माध्यम से डिजिटल रूप में किया जाता है। इसमें स्टोरेज की चिंता नहीं होती और निवेश पूरी तरह पारदर्शी रहता है। कम लागत और आसान खरीद-बिक्री के कारण यह विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।