DA Hike: नवरात्रि से दिवाली के बीच बढ़ सकता है 3% महंगाई भत्ता, 1.17 करोड़ कर्मचारियों-पेंशनरों को फायदा
केंद्र सरकार के 1.17 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों को मिल सकता है 3% महंगाई भत्ते का तोहफा। दिवाली से पहले हो सकता है डीए बढ़ोतरी का ऐलान। जानें संभावित दरें, एरियर और गणना का तरीका।
दिवाली तक बढ़ सकता है महंगाई भत्ता, 1.17 करोड़ कर्मचारियों-पेंशनरों को फायदा
Dearness Allowance Latest Update: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी खुशखबरी है। त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले जुलाई-दिसंबर 2025 तक सरकार उनके महंगाई भत्ते (DA) में 3% तक बढ़ोत्तरी कर सकती है। इस फैसले से 7वें वेतन आयोग के तहत आने वाले लगभग 50 लाख कर्मचारियों और 67 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रम मंत्रालय द्वारा जारी अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के आधार पर डीए बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। जनवरी से जून 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, डीए स्कोर लगभग 58.18% पर पहुंच चुका है। इससे 3% की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स में अटकलें लगाई जा रही हैं कि मोदी सरकार अगली कैबिनेट बैठक में इसका ऐलान भी कर सकती है। इसके बाद वित्त मंत्रालय की ओर से अधिकारिक आदेश जारी होंगे।
डीए 55% से बढ़कर 58% होने के आसार
वर्तमान में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 55% महंगाई भत्ता मिल रहा है, जिसे जनवरी 2025 में 2% बढ़ाकर लागू किया गया था। अब जुलाई 2025 से यह दर 58% तक पहुंच सकती है। नई दरें जुलाई 2025 से लागू मानी जाएंगी, ऐसे में कर्मचारियों को जुलाई से सितंबर 2025 तक का एरियर भी मिलेगा।
कैसे होती है महंगाई भत्ते की गणना?
केंद्र सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ता संशोधित करती है। इसकी गणना निम्नलिखित फॉर्मूले से की जाती है।
7वां सीपीसी डीए (%) = [(12 महीने का औसत AICPI - 261.42) ÷ 261.42] × 100। इस फॉर्मूले के आधार पर यदि औसत AICPI = 392.83 है, तो डीए = (392.83 – 261.42)/261.42 × 100 = 50.26% होगा।
हालांकि, केंद्र सरकार दशमलव को छोड़कर दरों को पूर्णांक में लागू करती है, इसलिए यह 50% या उससे ऊपर के स्तर पर तय होता है। वर्तमान में यह 55% है, और अब 58% तक जाने की संभावना है।
8वें वेतन आयोग से पहले अंतिम वृद्धि!
सूत्रों के अनुसार, यह 7वें वेतन आयोग के तहत आखिरी डीए संशोधन होगा। क्योंकि 1 जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू होने की उम्मीद है। ऐसे में यह वृद्धि कर्मचारियों के लिए त्योहारों से पहले बड़ा बोनस साबित हो सकती है।