Honda Bike: होंडा ने पेश की Rebel 500; बाइक के 2026 मॉडल को मिले लेटेस्ट अपडेट
होंडा ने क्रूजर मोटरसाइकिल Rebel 500 के साथ प्रीमियम मिड-कैपेसिटी सेगमेंट में डेब्यू किया था। अब यह नए कलर अपडेट्स और मॉडर्न चार्म के साथ वापसी कर रही है।
क्रूजर बाइक रेबेल 500 को 2026 मॉडल के लिए नए कलर ऑप्शंस के साथ पेश किया है।
Honda Bike: होंडा ने अपनी लोकप्रिय क्रूजर बाइक Rebel 500 (रेबेल 500) को 2026 मॉडल के लिए नए कलर ऑप्शंस के साथ पेश किया है। इस अपडेट के साथ बाइक को एक फ्रेश और आकर्षक लुक मिला है। फिलहाल यह अपडेट ग्लोबल मार्केट के लिए जारी किया गया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इसे जल्द ही भारतीय बाजार में भी लॉन्च किया जाएगा। खास बात यह है कि बाइक के इंजन, पावर और टेक्नोलॉजी में कोई बदलाव नहीं किया गया है, यानी इसकी परफॉर्मेंस वही भरोसेमंद बनी हुई है।
नए कलर ऑप्शंस और कीमत
2026 Honda Rebel 500 अब दो नए कलर विकल्पों – पर्ल ब्लैक और पर्ल स्मोकी ग्रे – में उपलब्ध होगी। वहीं, इसके टॉप मॉडल Rebel 500 SE में नया पर्ल ब्लू कलर जोड़ा गया है। बाइक की बिक्री जनवरी 2026 से शुरू होगी।
Rebel 500 बेस मॉडल कीमत: 6,799 डॉलर (करीब ₹6 लाख)
Rebel 500 SE वेरिएंट कीमत: 6,999 डॉलर (करीब ₹6.15 लाख)
भारत में वेरिएंट और कीमत
भारत में फिलहाल Honda Rebel 500 की कीमत करीब ₹5.5 लाख (एक्स-शोरूम) है। यह यहां सिंगल वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसे CBU (कंप्लीट बिल्ट यूनिट) के रूप में आयात किया जाता है। यह बाइक केवल Honda BigWing Topline डीलरशिप्स – गुरुग्राम, मुंबई और बेंगलुरु – में बेची जाती है।
इंजन और परफॉर्मेंस
Rebel 500 में 471cc लिक्विड-कूल्ड, पैरलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 6-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। यह इंजन 8,500 rpm पर 45.5 bhp की पावर और 6,000 rpm पर 43.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसका पावर डिलीवरी खास तौर पर लो और मिड-रेंज पर स्मूद और कंट्रोल्ड परफॉर्मेंस के लिए ट्यून की गई है।
कंफर्ट और कंट्रोल के लिए सॉलिड सेटअप
बाइक में मजबूत ट्यूबलर स्टील फ्रेम, फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में शोवा के ड्यूल शॉक्स दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे 296mm डिस्क ब्रेक और पीछे 240mm डिस्क ब्रेक मिलता है। इसके साथ ड्यूल-चैनल ABS भी दिया गया है, जो सेफ्टी को और बेहतर बनाता है।
होंडा की मिड-साइज क्रूजर स्ट्रैटेजी
Rebel 500 के लॉन्च के साथ ही होंडा ने भारत के प्रीमियम मिड-कैपेसिटी क्रूजर सेगमेंट में कदम रखा था। यह बाइक उन राइडर्स के लिए बनाई गई है जो आरामदायक, स्टाइलिश और हाईवे पर दमदार परफॉर्मेंस वाली क्रूजर की तलाश में हैं। अब नए कलर अपडेट्स के साथ Rebel 500 एक बार फिर फ्रेश अपील और मॉडर्न चार्म के साथ वापसी कर रही है।
(मंजू कुमारी)