Budh Margi 2025: आज से बुध ग्रह होंगे मार्गी, जानें आपकी राशि पर क्या पड़ेगा असर

Budh Margi 2025: 11 अगस्त 2025 को बुध ग्रह कर्क राशि में मार्गी हो गए हैं। जानिए इसका आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा और कौन-से उपाय शुभ फल दिलाएंगे।

Updated On 2025-08-11 09:55:00 IST

Budh Margi 2025: हिंदू पंचांग के अनुसार 11 अगस्त 2025 को बुध ग्रह अपनी वक्री गति छोड़कर कर्क राशि में मार्गी हो गए हैं। बुध बुद्धि, तर्क, संचार और व्यापार का कारक माना जाता है। जब यह मार्गी होता है, तो कई राशियों की सोच, निर्णय लेने की क्षमता और संवाद कौशल में परिवर्तन आता है।

बुध का यह परिवर्तन 9 नवम्बर 2025 तक प्रभावी रहेगा और इस दौरान सभी 12 राशियों पर इसका अलग-अलग असर देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं प्रत्येक राशि पर इसका क्या प्रभाव रहेगा और किन उपायों से आप इस गोचर के शुभ फल पा सकते हैं।

मेष राशि

बुध चौथे भाव में मार्गी होंगे। वाहन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में लाभ मिल सकता है। माता से संबंध मधुर रहेंगे।

उपाय: हरे रंग से परहेज करें, विशेषकर 9 नवम्बर तक।

वृषभ राशि

तीसरे भाव में बुध मार्गी होकर पराक्रम और आत्मविश्वास बढ़ाएंगे। भाई-बहनों से सहयोग मिलेगा।

उपाय: बुधवार को शहद से भरा मिट्टी का बर्तन किसी सुनसान स्थान पर दबाएं।

मिथुन राशि

दूसरे भाव में बुध के मार्गी होने से आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। वाणी में मधुरता आएगी।

उपाय: भीगे हरे मूंग मंदिर में दान करें।

कर्क राशि

बुध लग्न में मार्गी होकर व्यक्तित्व में निखार लाएंगे। शरीर और मन दोनों से ऊर्जा महसूस होगी।

उपाय: किसी कन्या से आशीर्वाद लें और उपहार दें।

सिंह राशि

बारहवें भाव में बुध गोचर करेंगे। खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। नींद या विश्राम में कमी आ सकती है।

उपाय: गाय की सेवा करें।

कन्या राशि

ग्यारहवें भाव में बुध के प्रभाव से आय में वृद्धि और इच्छाओं की पूर्ति के संकेत हैं।

उपाय: मस्तक पर केसर का तिलक लगाएं।

तुला राशि

दसवें भाव में बुध के मार्गी होने से करियर में हल्की चुनौतियां संभव हैं। पिता की सेहत पर ध्यान दें।

उपाय: सुबह फिटकरी से दांत साफ करें।

वृश्चिक राशि

नवम भाव में बुध का गोचर भाग्य का साथ दिलाएगा। नए अनुभव और शिक्षा के क्षेत्र में लाभ होगा।

उपाय: चांदी की कोई वस्तु पास रखें।

धनु राशि

अष्टम भाव में बुध मार्गी होकर मानसिक स्पष्टता बढ़ाएंगे। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं।

उपाय: हरी वस्तुएं मंदिर में दान करें।

मकर राशि

सप्तम भाव में बुध के प्रभाव से वैवाहिक जीवन में संवाद की आवश्यकता बढ़ेगी।

उपाय: पीले धागे को गले में पहनें।

कुंभ राशि

छठे भाव में बुध मार्गी होंगे, जिससे शत्रु पर विजय और स्वास्थ्य में सुधार होगा।

उपाय: तांबे का सिक्का गले में पहनें।

मीन राशि

पंचम भाव में बुध का गोचर संतान, शिक्षा और प्रेम संबंधों के लिए शुभ रहेगा।

उपाय: मां दुर्गा की नियमित उपासना करें।

बुध का यह मार्गी गोचर मानसिक स्पष्टता, वाणी और विचार की दिशा को तय करेगा। अगर आप बताए गए उपायों को अपनाएं, तो जीवन के कई क्षेत्रों में शुभ फल मिल सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। HariBhoomi.com इसकी पुष्टि नहीं करता है।

अनिल कुमार

Tags:    

Similar News