Logo
election banner
Delhi capitals vs Mumbai Indians IPL 2024 Preview: आईपीएल 2024 में शनिवार को डबल हेडर खेले जाएंगे। यानी एक दिन में दो मैच। दिन का पहला मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

Delhi capitals vs Mumbai Indians IPL 2024 Preview: आईपीएल 2024 में शनिवार को दो मैच खेले जाएंगे। लीग के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टक्कर मुंबई इंडियंस से होगी। ये मैच दिल्ली के होम ग्राउंड अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ये इस सीजन में दूसरा मौका होगा, जब दिल्ली और मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी।

जब पिछली बार दोनों टीमों की टक्कर हुई थी, तब मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को 29 रन से हराया था। उस मैच में मुंबई ने 234 रन ठोके थे और दिल्ली की टीम 205 रन ही बना पाई थी। ऐसे में इस बार दिल्ली अपने घर में हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी। 

दिल्ली-मुंबई के लिए अहम मुकाबला
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को 4 रन से हराया था। वहीं, मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के हाथों 9 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। दोनों टीमों की स्थिति पर अगर नजर दौड़ाएं तो बहुत अंतर नहीं है।

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2024 के पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है जबकि मुंबई इंडियंस 8वें पायदान पर। दिल्ली ने अबतक खेले 9 में से 4 मैच जीते हैं और मुंबई ने अपने 8 में से तीन ही मुकाबले जीते हैं। ऐसे में प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए इस मैच में जीत जरूरी है। 

हेड टू हेड
दिल्ली और मुंबई के बीच आईपीएल में कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 19 मुंबई ने जीते और 15 में दिल्ली ने जीत हासिल की है। यानी पलड़ा मुंबई का भारी रहा है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि शनिवार के दंगल में कौन बाजी मारता है। 

पंत हिट, पंड्या कर रहे संघर्ष
दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी बात ये है कि कप्तान ऋषभ पंत इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रहे। वो इस सीजन में तीन अर्धशतक जमा चुके हैं। पिछले मैच में भी उन्होंने नाबाद 88 रन बनाए थे। वो 342 रन बना चुके हैं। वहीं, दूसरी तरफ हार्दिक पंड्या संघर्ष कर रहे। वो गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में नाकाम रहे हैं। वहीं, कप्तानी में भी पंड्या का बुरा हाल है। 

मुंबई की बल्लेबाजी रोहित शर्मा के इर्द-गिर्द घूम रही। वो टीम के टॉप स्कोरर हैं। रोहित ने 8 मैच में 303 रन बनाए हैं। ऐसे में दिल्ली के खिलाफ भी रोहित का चलना जरूरी है। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ट्रंप कार्ड हैं। वो 13 विकेट ले चुके हैं। पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं। दूसरी तरफ दिल्ली की गेंदबाजी ही कमजोर कड़ी है। कुलदीप यादव (12 विकेट) को छोड़ दें तो कोई गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया है। 

5379487